Hathras News: UP के हाथरस में बड़ा हादसा, सत्संग के दौरान मची भगदड़, 120 से ज्यादा की मौत
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस में बड़ा हादसा हुआ है। हाथरस के रतिभानपुर में सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई है। इस हादसे में 100 से ज्यादा लोगों के मौत की खबर सामने आई है। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 120 लोगों की मौत हुई है। इसमें महिलाएं ज्यादातर हैं। (मौत की संख्या अपडेट की जाएगी)
महिला और बच्चों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कई महिलाएं और बच्चों को एटा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आशंका है कि और भी लोगों की मौत हो सकती है।

PM मोदी ने हाथरस हादसे पर जताया दुख
पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में बोलते हुए कहा, ''इस समय चर्चा के बीच अभी मुझे एक दुखद खबर भी दी गई है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ में अनेकों लोगों की दुखद मृत्यु की जानकारी आ रही है। जिन लोगों की इस हादसे में जान गई है, मैं उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। मैं इस सदन के माध्यम से सभी को ये भरोसा देता हूं कि पीड़ितों की हर तरह से मदद की जाएगी।''
हाथरस के रतिभानपुर में भगवान शिव का धार्मिक आयोजन किया गया था। आयोजन के समाप्त होते ही भगदड़ मच गई, जिससे महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए।
एटा एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा, "हाथरस जिले के मुगलगढ़ी गांव में एक धार्मिक आयोजन चल रहा था, तभी भगदड़ मच गई। एटा अस्पताल में अब तक 27 शव आ चुके हैं, जिनमें 23 महिलाएं, 3 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। घायल अस्पताल नहीं पहुंचे हैं। आगे की जांच की जा रही है। इन 27 शवों की पहचान की जा रही है।"
CM योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया है। सीएम योगी ने जनपद हाथरस में हुए हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार कराने और मौके पर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।''












Click it and Unblock the Notifications