Terror alert: अयोध्या, काशी, मथुरा की सुरक्षा पर 1000 करोड़ का प्रस्ताव

राज्य सरकार ने इन तीनों शहरों को अति संवेदनशील बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाए जाने के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत इन धार्मिक स्थलों पर अत्याधुनिक कैमरे और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस प्रणाली के आधुनिकीकरण की भी महत्वाकांक्षी योजना तैयार गई है, जिसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भी भेज दिया गया है।
यूपी गृह विभाग के प्रमुख सचिव दीपक सिंघल और पुलिस महानिदेशक एएल बनर्जी ने तीनों अति संवेदनशील धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा बुलाई गई बैठक में हिस्सा लिया। राज्य के गृह सचिव विशाल चौहान के अनुसार यह वो योजना है जो अलग से बनाई गई है, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को सघन और आधुनिक किया जाएगा। इसके अंतर्गत तीनों धार्मिक स्थलों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे एवं डिजिटल कैमरे लगाए जाने के साथ-साथ आधुनिक नियंत्रण कक्ष भी बनाए जाने का प्रस्ताव है।
खर्च होंगे 1000 करोड़
धार्मिक स्थलों पर मौजूदा समय में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें अर्ध सैनिक बल, पीएसी ओर सिविल पुलिस शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर दीपक सिंघल और ए. एल बनर्जी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों अधिकारियों ने प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण के लिए तीन गुना बड़ी योजना का प्रस्ताव दिया है।
अभी तक राज्य को केंद्र सरकार से 150 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष आवंटित होता है, जबकि इस बार राज्य सरकार ने 1,000 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। केंद्र सरकार इसकी आधी राशि अनुदान के रूप में देगा तथा आधी राशि ऋण के रूप में देगी जो राज्य सरकार को वहन करना होगा।
प्रमुख गृह सचिव ने केंद्र सरकार को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए राज्य सरकार को मैचिंग ग्राण्ट दिया जाएगा। इस योजना के तहत पुलिस विभाग को वाहन और संचार उपकरण दिए जाने सहित कई प्रस्ताव शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications