Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव: तीन चरण के मतदान के बाद भाजपा नेताओं में चिंता, जीत पर भारी संशय?

उत्तर प्रदेश की अठारहवीं विधानसभा चुनाव के लिए मतदान गंगा और यमुना के उपजाऊ इलाक़ों से होता हुआ अब गोमती तट पर आ पहुँचा है. यहॉं तक पहुँचते-पहुँचते सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के चेहरों और बोली में चिंता की लकीरें साफ़ देखी जा सकती हैं और विपक्षी समाजवादी पार्टी गठबंधन में उत्साह बढ़ा दिखता है.

अब इसके बाद अवध और सरयूपार करके पूर्वांचल में चुनावी घमासान और तेज़ तथा कटुतापूर्ण होगा.

अखिलेश यादव अपने विधान सभा क्षेत्र करहल में मतदान निबटाकर अब बाक़ी जगह ध्यान देंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ को अभी बाक़ी जगह के साथ-साथ अपने विधानसभा क्षेत्र गोरखपुर पर भी नज़र रखनी है.

एक बात पर राजनीतिक प्रेक्षक सहमत हैं कि इस बार चुनाव सीधे-सीधे योगी बनाम अखिलेश है. बसपा और कांग्रेस सरकार बनाने के खेल में शामिल नहीं हैं. दूसरे भाजपा की गाड़ी ढलान पर है और अखिलेश की गाड़ी ऊपर चढ़ रही है. मगर ढलान वाली गाड़ी कहाँ रुकेगी, यह कहना अभी जल्दीबाज़ी होगी.

तीन चरणों की 172 सीटों पर जहॉं अब तक मतदान हो चुका है, पिछली बार भाजपा को 140 सीटें मिली थीं. केवल 32 सीटें विपक्ष को मिली थीं.

राजनीतिक विश्लेषक अभय कुमार दुबे का कहना है कि, "अब तक तीनों फ़ेज़ के मतदान में कुल मिलाकर भाजपा को पचास फ़ीसदी का नुक़सान हो चुका है. आगे अवध में भाजपा की बढ़त हो सकती है, लेकिन पूरब में फिर भाजपा को नुक़सान होगा."

अभय कुमार दुबे का मानना है कि ''इस बार डबल इंजन की सरकार में भाजपा को डबल ऐंटी इंकम्बेंसी का सामना करना पड़ रहा है. इसमें दो राय नहीं कि प्रधानमंत्री मोदी की छवि धीरे-धीरे चंद अडानी-अंबानी जैसे पूँजीपतियों के समर्थकों की हो गई है. अब वह ग़रीबों-पिछड़ों के मसीहा नहीं रहे और न ही गुजरात मॉडल में आकर्षण बचा है.''

''मोदी समर्थक सिर्फ़ इस बात से संतोष कर रहे हैं कि उन्होंने और योगी ने मुसलमानों को सत्ता से दूर और दबाकर रखा है, भले महंगाई बढ़ी या विकास नहीं हुआ पर वह भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने को प्रयत्नशील हैं.''

क्या अचानक बदल गया है माहौल?

छह महीने या साल भर पहले तक सबको लगता था कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष बहुत कमज़ोर और निष्क्रिय है और भाजपा सरकार फिर बनेगी. लेकिन एक के बाद एक घटनाक्रम इतनी तेज़ी से बदला कि आज भाजपा की जीत पर भारी संशय है.

उत्तर प्रदेश का राजनीतिक माहौल बदलने का श्रेय सबसे ज़्यादा पश्चिम में भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत और पूरब में योगी सरकार में मंत्री रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को दिया जा सकता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि बिल वापस तो लिया, लेकिन पूरे यूपी में किसान आंदोलनकारियों पर चले दमन चक्र के कारण उसका लाभ नहीं हुआ. राकेश टिकैत के आंसू और जयंत चौधरी पर पुलिस की लाठी से पश्चिम उत्तर प्रदेश में बहुतायत जाट किसान इस बार भाजपा के ख़िलाफ़ लामबंद हो गए.

राष्ट्रीय लोकदल और महान दल से समाजवादी पार्टी का गठबंधन हो गया. फिर ओम प्रकाश राजभर स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान और धर्म सिंह सैनी को तोड़कर सपा के साथ लाने में कामयाब हो गए. लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, इंद्रजीत सरोज, त्रिभुवन दत्त और पिछड़े तथा दलित समुदाय के कई अन्य नेता पहले ही बहुजन समाज पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में आ गए थे.

पिछड़े वर्गों में भाजपा से नाराज़गी का एक कारण जातीय जन गणना से इनकार है. सरकारी कंपनियों का निजीकरण भी आरक्षित वर्गों के लिए चुनाव का मुद्दा है.

उत्तर प्रदेश चुनाव
BBC
उत्तर प्रदेश चुनाव

अखिलेश यादव के पक्ष में क्या है

इस सबका परिणाम यह हुआ कि सामाजिक न्याय वाली राजनीतिक ताक़तें यानी पिछड़ी जातियों का एक बड़ा हिस्सा एक अरसे बाद समाजवादी पार्टी के साथ फिर गोलबंद हो गया.

पहले इन ताक़तों को भाजपा ने यह समझाकर अपने पाले में किया था कि पिछड़े वर्गों के सारे लाभ यादव ले जाते हैं. इसका परिणाम यह हुआ कि भाजपा का सामाजिक आधार काफ़ी सिकुड़ गया.

न केवल पिछड़े वर्ग का मोहभंग हुआ बल्कि भाजपा समर्थक ऊँची जातियों में भी ब्राह्मण समुदाय को शिकायत है कि मुख्यमंत्री योगी राजपूत ठाकुर बिरादरी को ज़्यादा महत्व दे रहे हैं. हिन्दुस्तान टाइम्स की स्थानीय संपादक सुनीता एरन को योगी का यह जवाब बहुत चर्चित रहा कि 'उन्हें अपने राजपूत होने पर गर्व है'.

एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी है कि इस चुनाव में ऐसे तमाम ग़ैर राजनीतिक संगठन और सिविल सोसायटी के लोग भाजपा के ख़िलाफ़ काम कर रहे हैं जिन्हें लगता है कि मोदी और योगी की जोड़ी देश में लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव के लिए ख़तरा है.

जब अखिलेश यादव ने पूर्वांचल के ग़ाज़ीपुर से रथयात्रा शुरू की तो उसको अपार जन समर्थन मिला. अखिलेश यादव सुबह चार बजे लखनऊ पहुँचे और उन्हें सुनने के लिए रात भर लोग पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डटे रहे.

नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ
Getty Images
नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ

'भाजपा के पास इस बार नहीं प्रभावी कैंपेन'

वरिष्ठ पत्रकार सीमा चिश्ती ने मतदाताओं की नब्ज़ टटोलने के लिए कई ज़िलों का दौरा किया. उनका कहना है , "तीन बातें साफ़ हैं एक तो यह कि अगर कोई शिविर सिमटा है तो वो भाजपा का है. उसमें बढ़त नहीं दिखी. फिर, दो तरफ़ा चुनाव है सीधे-सीधे. यह बसपा और कांग्रेस का वोटर भी समझ रहा है. तीसरा यह कि कैंडिडेट की बात हो रही है और आर्थिक मुद्दों से जनता परेशान है. ये मुद्दे हैं- महंगाई और बेरोज़गारी. भाजपा, जिसके पास 2017 में कहने को बहुत था, प्रभावी कैंपेन था, इस समय कहानी की तलाश में दिख रही है, अगर मुस्लिम विरोधी बयानों को एक तरफ़ रखा जाए."

नोटबंदी और लॉकडाउन से असंगठित क्षेत्र का चौपट होने से सरकारी भर्तियाँ रोज़गार का सहारा हैं, लेकिन भाजपा सरकार में लाखों पद ख़ाली होना बड़ा मुद्दा रहा है, यद्यपि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा रहा है कि उन्होंने साढ़े चार लाख लोगों को नौकरियाँ दीं.

पूरे उत्तर प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में लोग छुट्टा जानवरों से बेहद परेशान हैं. साँड़ों ने फ़सल नुक़सान के अलावा बहुत लोगों की जानें भी ले लीं. लोग रात-रात भर जागकर फ़सल की रखवाली में परेशान हैं. मुख्यमंत्री योगी ने गाय-बैलों को पकड़कर गोशालाओं में रखने की स्कीम चलायी, लेकिन यह योजना भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी. चारा पानी के अभाव में बड़ी संख्या में गायें इन गोशालाओं में मरीं .

मंत्रियों पर आर्थिक भ्रष्टाचार का आरोप

समाजवादी पार्टी ने भाजपा से नाराज़ सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का वादा कर दिया जिसके बाद से कई कर्मचारी और शिक्षक संगठन इस बार खुलकर सपा गठबंधन को वोट देने की अपील कर रहे हैं .

विपक्ष ने अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निजी तौर पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगाया हैं. मुख्यमंत्री ने ईमानदार अधिकारियों को संरक्षण भी दिया, लेकिन यह बात आम चर्चा में है कि उनकी सरकार के अनेक मंत्रियों ने दोनों हाथ से पैसा लूटा है और हर विभाग में रिश्वत के रेट बढ़ गये हैं.

इन सब कारणों से सरकार के ख़िलाफ़ माहौल बना है और भाजपा सरकार से सर्वाधिक पीड़ित मुस्लिम समुदाय के लिए समाजवादी पार्टी गठबंधन मुख्य पसंद बन गयी है.

बुंदेलखंड के दलित बहुल इलाक़े जालौन के पत्रकार अनिल शर्मा कहते हैं कि ''बहुजन समाज पार्टी के बारे में यह धारणा बनी कि अगर ज़रूरत पड़ी तो सुश्री मायावती फिर भाजपा से हाथ मिला सकती हैं. इसके अलावा दलित वर्ग के बुद्धिजीवियों का मायावती से मोहभंग हो चुका है. बसपा के तमाम नेता पार्टी छोड़कर सपा में शामिल हो गए हैं. इसके बावजूद माना जाता है कि बसपा का आधारभूत जाटव वोट अब भी हाथी के साथ है. हालाँकि ग़ैर जातव दलित मतदाता बसपा से खिसक चुके हैं.''

बसपा ने बड़ी संख्या में मुस्लिम उम्मीदवार खड़े किए, लेकिन अल्प संख्यक समुदाय का रुझान उनकी ओर नहीं हुआ. इसी तरह बसपा ने बड़ी संख्या में ब्राह्मण उम्मीदवार खड़े किए, पार्टी महामंत्री सतीश मिश्र ने राम मंदिर में पूजा कर चुनाव अभियान शुरू किया. लेकिन सत्ता की दौड़ में न दिखायी देने से बसपा के प्रति इस समुदाय का रुझान नहीं हुआ.

मायावती
Getty Images
मायावती

कांग्रेस कहां है

प्रियंका गांधी की तमाम मेहनत के बावजूद कांग्रेस इतनी कमजोर है कि मुस्लिम समुदाय की पसंद नहीं बन सकी. पर कांग्रेस इस बार सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़कर आगे के लिए अपनी चुनाव मशीनरी दुरुस्त कर लेगी और उसके कुछ मतदाता भाजपा से वापस भी आ सकते हैं.

10 फ़रवरी को पहले दौर के मतदान में दिखा कि मुस्लिम समुदाय मुज़फ़्फ़रनगर दंगों का दर्द भुलाकर जाट किसानों के साथ लोक दल और समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ खड़ा रहा. दूसरे दौर में तो मुस्लिम मतदाताओं की तादाद वैसे भी ज़्यादा थी. इसलिए यहाँ भी भाजपा को पहले जीती तमाम सीटें गँवानी पड़ सकती हैं.

20 फ़रवरी को तीसरे चरण के मतदान में झाँसी, जालौन आदि बुंदेलखंड के एक बड़े हिस्से में वोट पड़े. पिछली बार भाजपा ने बुंदेलखंड की सभी 19 सीटें जीती थीं, लेकिन पत्रकार अनिल शर्मा का आकलन है कि यहाँ भी भाजपा को आधी सीटों का नुक़सान है.

तीसरे दौर में यादवलैंड के नाम से मशहूर इटावा, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, एटा आदि में भी वोट पड़ा. यहीं करहल से अखिलेश यादव पहली बार विधान सभा चुनाव लड़े. भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एस पी सिंह बघेल को उतार कर करहल में अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की. लेकिन मुलायम सिंह यादव ने पूरे कुनबे के साथ दौरा करके अखिलेश यादव की जिताने की भावनात्मक अपील की, जिसका असर अगल-बगल के इलाक़ों पर भी पड़ा.

इस इलाक़े में ग़ैर यादव मतदाताओं का एक हिस्सा भी भाजपा से सपा में वापस आ गया बताया जाता है.

उत्तर प्रदेश चुनाव
Getty Images
उत्तर प्रदेश चुनाव

मतदान प्रतिशत का मतलब

तीनों दौर के मतदान में एक बात यह देखने को मिली कि ग्रामीण इलाक़ों और सपा गठबंधन के इलाक़ों में वोट का प्रतिशत ज़्यादा रहा, लेकिन शहरों और भाजपा समर्थक इलाक़ों में मतदान के प्रति उत्साह कम रहा. कानपुर जैसे महानगर में न केवल भाजपा नेताओं की सभाओं और रोड शो में भीड़ कम रही, बल्कि मतदान भी कम रहा.

भारतीय जनता पार्टी के नेता भी अनौपचारिक बातचीत में मानते हैं कि मतदान कम होने से भाजपा का नुक़सान होगा. उनका कहना है भाजपा कार्यकर्ता लोगों से मतदान कराने के प्रति उत्साहित नहीं है. समझा जाता है कि भाजपा आला कमान को इस बात का एहसास है कि इस बार हिन्दू-मुस्लिम ध्रुवीकरण पहले जैसा नहीं हो पाया है और उसकी ज़मीन खिसक रही है.

अमर उजाला के पूर्व संपादक कुमार भवेश चंद्र के अनुसार, ''इसीलिए अब भाजपा मतदाताओं को डरा रही है कि अगर अखिलेश यादव वापस सत्ता में आ गये तो गुंडे बदमाश और मुसलमान फिर सत्ता में प्रभावी हो जायेंगे.''

कुमार भवेश चंद्र विशेषकर रविवार को हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का हवाला देते हैं. अहमदाबाद बम धमाकों में जिन अड़तीस लोगों को अदालत ने सज़ा सुनायी है उसमें से कुछ आज़मगढ़ ज़िले से हैं जहॉं से इस समय अखिलेश यादव लोक सभा सदस्य हैं .

अदालत के इस फ़ैसले का हवाला देकर प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि ''गुजरात के आतंकवादियों ने सपा के चुनाव निशान साइकिल पर बम रखे थे. उन्होंने बनारस के संकट मोचन मंदिर और कई अन्य स्थानों पर बम धमाकों का उल्लेख करते हुए कहा कि मैं हैरान हूँ आतंकवादियों ने साइकिल को क्यों पसंद किया. प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सभा में लोगों को उस महिला की भी याद दिलाई जिसने कहा था कि मोदी का नमक खाया है.''

भारतीय जनता पार्टी अपने "भक्तों" में यह धारणा बनाने में काफ़ी हद तक कामयाब रही है कि अपराधी सपा सरकार में हावी हो जाते हैं और यह कि योगी आदित्यनाथ का बुलडोज़र ही इनको क़ाबू कर सकता है.

दूसरा, प्रधानमंत्री मोदी ने बड़े सुनियोजित ढंग से मतदाताओं को सीधे लाभ पहुँचाने वाली योजनाएँ चलायीं जिनमें गैस चूल्हा, फ़्री राशन , तेल, नमक, मकान, किसान सम्मान राशि आदि शामिल हैं.

योगी आदित्यनाथ
Getty Images
योगी आदित्यनाथ

'काम करेगा फ्ऱी राशन?'

राजनीतिक विश्लेषक अभय कुमार दुबे इतना बड़ा लाभार्थी मतदाता मंडल तैयार करने को मोदी की नयी पोलिटिकल टेक्नोलॉजी कहते हैं. आम तौर माना जाता है कि भाजपा इन्हीं योजनाओं की बदौलत चुनाव जीतने की उम्मीद लगाये है.

लेकिन अभी यह देखना बाक़ी है कि क्या सपा गठबंधन का समर्थन करने वाले मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं पर भी फ़्री राशन का प्रभाव काम करेगा.

इटावा में तो बीजेपी उम्मीदवार सरिता भदौरिया भरी सभा में अपने वोटरों को कोस रही थीं कि पैसा भी ले लिया, फ़्री का राशन भी ले लिया, मकान भी ले लिया पर नमक का हक़ अदा नहीं कर रहे हैं और नमस्कार का जवाब तक नहीं दे रहे हैं.

तमाम मतदाताओं को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यह सब जनता को टैक्स के पैसे से मिला है न कि भाजपा नेताओं की जेब से.

दूसरा रसोई गैस, सरसों तेल, पेट्रोल डीज़ल का लगातार महँगा होते जाना मतदाताओं को बहुत खल रहा है.

उत्तर प्रदेश चुनाव
BBC
उत्तर प्रदेश चुनाव

बेरोज़गारी और महंगाई

बेरोज़गारी और महंगाई के मुद्दे राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के निर्माण पर भारी पड़ते दिख रहे हैं.

भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है और उसे संघ परिवार के विशाल कार्यकर्ता समूहों का गुमान है, लेकिन क्या कारण है कि ये सब मिलकर भी सत्ता विरोधी रुझान को रोक नहीं पा रहे हैं.

एक कारण तो यह बताया जाता है कि मोदी युग में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं से ज़्यादा वेतनभोगी आईटी सेल की फ़ौज और विज्ञापन से ख़रीदे अथवा कॉरपोरेट मीडिया पर भरोसा करती है और दूसरे सरकार चलाने में निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के बजाय नौकरशाही पर भरोसा करती है.

मुख्यमंत्री योगी के हर रोज़ के प्रेस नोट में अफ़सरों की टीम के एवेन्यू का ज़िक्र होता था. मंत्रिमंडल के लोगों से भी सलाह-मशविरा का अभाव बताया जाता है.

पहली बार ऐसा हुआ कि सत्तारूढ़ दल के सौ से ज़्यादा विधायक विधानसभा के अंदर मुख्यमंत्री के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे. भाजपा आला कमान चाहकर भी नेतृत्व परिवर्तन नहीं कर पाया क्योंकि योगी के बाग़ी हो जाने का डर था.

हर तरह से योगी को कंट्रोल करने में नाकाम होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली से एक रिटायर हो रहे आईएएस अफ़सर दुर्गा शंकर मिश्र को ठीक चुनाव से पहले चीफ़ सेक्रेटरी बनाकर भेजा. उन्होंने काम संभालते ही छुट्टा जानवरों की समस्या पर ध्यान केंद्रित किया, लेकिन तब तक भूखी-प्यासी गौमाता भाजपा की राजनीतिक फ़सल चर गयी थीं.

भाजपा के बड़े नेताओं मोदी और योगी की सभाओं में भीड़ नहीं जुटी. पूरे यूपी में लगभग सौ स्थानों से खबरें आयी हैं कि लोगों ने भाजपा के विधायकों और उम्मीदवारों को अपने गाँवों में प्रचार भी नहीं करने दिया. ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया.

उत्तर प्रदेश चुनाव
Getty Images
उत्तर प्रदेश चुनाव

क्या योगी का बुलडोज़र बाधा दूर कर पाएगा?

कुल मिलाकर विपरीत परिस्थितियों के बावजूद औरैया इटावा के शिवा त्रिपाठी की तरह बहुत से भाजपा नेता कहते हैं कि आयेंगे तो योगी ही, यानी भाजपा अकेले या जोड़-तोड़ से सरकार बना लेगी.

दूसरी तरफ़ लखनऊ निवासी दिल्ली के पूर्व उप-राज्यपाल नज़ीब जंग ने करन थापर और आशुतोष से इंटरव्यू में खुलकर कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. नजीब जंग का तर्क है कि ऐसा इसलिए क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रचार नहीं कर रहे हैं. नजीब जंग का तर्क है कि मोदी अब भी लोकप्रिय हैं और पब्लिक योगी से नाराज़ है.

तथ्यात्मक रूप से यह सही नहीं है कि मोदी ने प्रचार नहीं किया. इसे सम्भावित हार का सारा ठीकरा योगी के सिर पर फोड़ने की कोशिश कहा जा सकता है.

ग़ौरतलब तथ्य यह भी है कि यूपी की जनता बदल-बदल कर सबको आज़माने में विश्वास रखती है. 1989 के बाद से उत्तर प्रदेश में कोई मुख्यमंत्री या पार्टी रिपीट नहीं हुई है, इसलिए अहम है कि क्या योगी का बुलडोज़र यह बाधा दूर कर पाएगा?

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+