US-India टैरिफ विवाद के बीच ONGC का बड़ा फैसला, रूस से तेल खरीद जारी रखने का किया ऐलान
India Russia oil imports: अमेरिका और भारत के बीच टैरिफ विवाद गहराता जा रहा है। अमेरिका ने भारत पर पहले से लगाए गए 25% बेसलाइन टैरिफ को बढ़ाकर अब 50% कर दिया है। यह अतिरिक्त 25% रूस से तेल खरीद को लेकर पेनाल्टी के तौर पर लगाया गया है।
इसके बावजूद भारत की सरकारी तेल कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) ने साफ कर दिया है कि वह रूस से तेल खरीदना जारी रखेगी। कंपनी का कहना है कि जब तक सरकार कोई अलग निर्णय नहीं लेती और कमर्शियल रूप से यह सौदा लाभकारी है, तब तक रूसी तेल की खरीद पर विराम नहीं लगेगा।

'रूस से तेल आयात पर कोई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध नहीं'
ONGC के चेयरमैन अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार को कहा कि, रूस से तेल आयात पर फिलहाल कोई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध नहीं है। ऐसे में कंपनी तब तक इस प्रक्रिया को जारी रखेगी जब तक यह व्यावसायिक रूप से फायदेमंद रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कंपनी को उपयुक्त कीमत पर ऊर्जा परिसंपत्तियां मिलती हैं, तो वह विदेशों में भी निवेश और अधिग्रहण पर विचार करेगी।
नियमित रूप से कच्चा तेल का आयात जारी
ONGC की दो प्रमुख यूनिट्स, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) पहले से ही अपनी रिफाइनरियों के लिए रूस से नियमित रूप से कच्चा तेल आयात कर रही हैं। कंपनी ने जानकारी दी है कि मौजूदा वित्त वर्ष में घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के लिए लगभग 66,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 21 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से 9 प्रोजेक्ट डेवलपमेंट से जुड़े हैं जबकि बाकी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स हैं।
ये भी पढ़ें India-US Tariff War: 'ट्रंप के आगे झुकने का नहीं' टैरिफ वॉर के बीच पीयूष गोयल का अमेरिका को कड़ा संदेश
रूस से लगातर बढा तेल का आयात
बता दें कि रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारत ने रूस से तेल आयात को तेज़ी से बढ़ाया है। 2018 में भारत के कुल तेल आयात का सिर्फ 1.3% हिस्सा रूस से आता था, लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर लगभग 35% तक पहुंच गया है। इस बढ़े हुए आयात ने भारत को रूस का सबसे बड़ा खरीदार बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications