NDA छोड़ने की अटकलों के बीच उपेंद्र कुशवाहा को मिला केंद्रीय मंत्री का न्योता, आज हो सकता है बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से जिस तरह से उपेंद्र कुशवाहा की भाजपा से तकरार चल रही है उसके बाद माना जा रहा था कि कुशवाहा भाजपा एनडीए से अलग हो सकते हैं। लेकिन इस बीच कुशवाहा को एनडीए की होने वाली बैठक में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। खुद कुशवाहा ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने उन्हें एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए न्योता दिया है। लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि कुशवाहा इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं। आपको बता दें कि आज होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। शीतकालीन सत्र से पहले होने वाली यह बैठक कई मायनों में काफी अहम है।

आज हो सकता है बड़ा ऐलान
माना जा रहा है कि कुशवाहा जल्द ही एनडीए से अलग होने का ऐलान कर सकते हैं और वह अपना फैसला लेने से पहले एक आखिरी बार अपनी पूरी जोर आजमाइश करने में जुटे हैं। कुशवाहा के करीबी सूत्र ने बताया कि सोमवार को कुशवाहा जी दिल्ली में रहेंगे, लेकिन अभी तक इस पर फैसला नहीं लिया गया है कि वह इस बैठक में हिस्सा लेंगे या नहीं, क्योंकि इस तरह की बैठक संसद के सत्र से पहले पारंपरिक होती हैं। सूत्र ने इस बात की ओर भी इशारा किया है कि आज कुशवाहा बड़ा फैसला ले सकते हैं।

पार्टी के भीतर तकरार
एनडीए में बने रहने को लेकर कुशवाहा पर अभी संशय बरकरार है। वहीं जहानाबाद से बागी आरएलएसपी सांसद अरुण कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में वह भाजपा का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने कुशवाहा जी से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं और अब मेरा गुट अलग है, मुझे एनडीए की ओर से बैठक में शामिल होने के लिए न्योता नहीं दिया गया है, लेकिन एनडीए छोड़ने का मेरी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि आखिर क्यों भाजपा नीतीश कुमार की गुलाम बन रही है, मैं आरएलएसपी के सम्मान को बचाने की अपनी लड़ाई को जारी रखूंगी जिससे कि वह इस बार अधिक सीट पर जीत हासिल करे।

तमाम नेता भाजपा के संपर्क में
वहीं आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के एनडीए छोड़ने के फैसले का उनकी पार्टी के सांसद राम कुमार शर्मा ने भी विरोध किया है। लेकिन उन्होंने कहा कि वह कुशवाहा के हर फैसले में उनके साथ रहेंगे। सूत्रों की मानें तो वह भाजपा के संपर्क में हैं। वहीं पार्टी के दोनों विधायक लल्लन पासवान और सुधांशु शेखर भी जदयू के संपर्क में हैं। खुद कुशवाहा एलजेडी नेता शरद यादव के साथ संपर्क में हैं और पार्टी के विलय पर चर्चा कर रहे हैं। आपको बता दें कि एनडीए की आज होने वाली बैठक शाम को 4 बजे होगी, लेकिन अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि इसमे जदयू शामिल होगी या नहीं।
इसे भी पढ़ें- Bulandshahr Violence: इन चार गिरफ्तारियों ने पुलिस पर खड़े किए गंभीर सवाल












Click it and Unblock the Notifications