अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन को लेकर सरकार ने मीडिया के लिए जारी की एडवाइजरी, मानने होंगे ये नियम
अयोध्या जिला प्रशासन ने टीवी न्यूज चैनलों को भूमि पूजन के दौरान प्रसारण को लेकर एडवाइजरी जारी की है...
नई दिल्ली। अयोध्या में 5 अगस्त को होने वाले राम जन्मभूमि पूजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इन्हीं तैयारियों के बीच अयोध्या जिला प्रशासन ने टीवी न्यूज चैनलों को भूमि पूजन के दौरान प्रसारण को लेकर एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि अगले हफ्ते राम मंदिर के भूमि पूजन को कवर करने वाले न्यूज चैनलों को लिखित में यह आश्वासन देना होगा कि वो उस दिन डिबेट में किसी भी विवादित पक्षकार को पैनल में शामिल नहीं करेंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि प्रसारण के दौरान किसी भी धर्म, समुदाय, संप्रदाय या किसी विशिष्ट व्यक्ति पर किसी तरह की कोई टिप्पणी ना की जाए।
Recommended Video

मीडिया हाउस के हेड की होगी जिम्मेदारी
जिला प्रशासन की तरफ से जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक, 'अगर किसी न्यूज चैनल की वजह से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की कोई स्थिति पैदा होती है तो इसके लिए उस इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हाउस के हेड को जिम्मेदार माना जाएगा। मीडिया हाउस के हेड को लिखित तौर पर देना होगा कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखा जाएगा और अगर किसी प्रकार से कोई गड़बड़ी होगी तो इसकी जिम्मेदारी मेरी व्यक्तिगत रूप से होगी।'

डिबेट के लिए देना होगा ये आश्वासन
न्यूज चैनलों को भेजे गए फॉर्मेट में बताया गया है कि कवरेज के लिए 9 प्रमुखों से परमिशन लेनी होगी और साथ ही कार्यक्रम के लिए किसी सार्वजनिक स्थान के बजाय एक निजी इनडोर जगह चुनी जाएगी। इस दौरान चैनल की डिबेट में जिन पक्षकारों को शामिल किया जाएगा, उन्हें लेकर लिखित आश्वासन देना होगा कि 'इस कार्यक्रम में किसी विवादित पक्षकार को नहीं बुलाया जाएगा।। किसी धर्म, संप्रदाय, पंथ या किसी व्यक्ति विशेष पर कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी।'

करना होगा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन
इसके अलावा चैनलों से यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। कवरेज के दौरान पैनलिस्ट के अलावा कोई भीड़ या दर्शक नहीं होगे और जो लोग रहेंगे, उन्हें अनिवार्य तौर पर मास्क पहनना होगा। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए एडवाइजरी में सख्ती से इसका पालन करने के लिए कहा गया है।

लाइव टेलीकास्ट के लिए अलग मीडिया सेंटर बनेगा
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, सूचना उपनिदेशक मुरलीधर सिंह ने बताया कि मीडिया को कार्यक्रम को कवर करने में कोई समस्या नहीं आएगी, इसके लिए सभी तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं। एक अलग मीडिया सेंटर बनाया जाएगा, जहां से कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट होगा। कानून व्यवस्था और कोरोना वायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए न्यूज चैनलों को कवरेज के लिए पहले ही परमिशन लेनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी तरह की कोई भीड़ जमा नहीं होगी, कोई विवादित टिप्पणी नहीं की जाएगी और प्रोटोकॉल को बनाकर रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications