पिता के साथ टीएमसी में शामिल हुए ललितेशपति त्रिपाठी, हाल ही में कांग्रेस से दिया था इस्तीफा
टीएमसी में शामिल हुए ललितेश पति त्रिपाठी और उनके पिता राजेश त्रिपाठी, हाल ही में कांग्रेस से दिया था इस्तीफा
सिलीगुड़ी, 25 अक्टूबर: करीब एक महीने पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले ललितेश त्रिपाठी अपने पिता राजेश पति त्रिपाठी के साथ आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम में सीएम ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में ललितेश और उनके पिता ने टीएमसी की सदस्यता ली है।

ललितेश पति त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की मड़िहान सीट से विधायक रह चुके हैं। उनके पिता राजेश पति त्रिपाठी पूर्व एमएलसी हैं। सितंबर में कांग्रेस छोड़ते हुए ललितेश ने कहा था कि वो पुराने कांग्रेसियों की उपेक्षा से आहत होकर ये फैसला ले रहे हैं। ललितेश के इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम पर सभी की निगाहें थीं। लोग उनके भाजपा और सपा में जाने की अटकलें लगा रहे थे लेकिन उन्होंने सबको चौंकाते हुए टीएमसी का दामन थामा है। जिस पार्टी का उत्तर प्रदेश में कोई खास आधार नहीं है। वहीं ललितेश और उनके पिता के टीएमसी में लाने को ममता बनर्जी की पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपने पैर जमाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस से त्रिपाठी परिवार का कई दशकों का रिश्ता
ललितेश त्रिपाठी का परिवार चार पीढ़ियों से राजनीति में हैं और उनके परिवार का पूर्वांचल में अच्छा प्रभाव माना जाता रहा है। ललितेश को पूर्वांचल में कांग्रेस के ब्राह्मण चेहरे के तौर पर भी देखा जाता था। ललितेश के परदादा कमलापति त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के मुख्यमत्री रहे हैं। ललितेश के दादा लोकपति त्रिपाठी ने मझवां से विधायक रह चुके हैं। ललितेश के पिता राजेश पति त्रिपाठी विधानसभा और लोकसभा का चुनाव नहीं जीत सके लेकिन वो एमएलसी जरूर रहे। 2012 में ललितेश खुद मड़िहान से विधायक बने। इसके बाद 2017 में वो हार गए। इसके बाद 2019 में उन्होंने मिर्जापुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा लेकिन जीत नहीं मिली।












Click it and Unblock the Notifications