पितृपक्ष के बाद योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का होगा विस्तार, आम चुनाव में मिशन-50 पर्सेंट के लिए बनी रणनीति
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए उत्तर प्रदेश, बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य है। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को यहां से अकेले 80 में से 71 लोकसभा सीटें मिली थीं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी को यूपी में जबरदस्त कामयाबी मिली। बीजेपी जानती है कि अगर उसे केंद्र में फिर से सत्ता पर काबिज होना हो तो उत्तर प्रदेश ही उसके लिए राह आसान कर सकता है। बीजेपी यूपी को टारगेट लेकर खास रणनीति बनाने में लगी है। इसी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ चर्चा की है और उन्हें विभिन्न मुद्दों पर फीडबैक दिया है। बैठक मुख्य रूप से 201 9 के लोकसभा चुनावों और योगी सरकार के कैबिनेट में फेरबदल पर केंद्रित रही।

सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व ने मुख्य रूप से तीन मुद्दों पर चर्चा की। पहला मुद्दा राज्य में योगी सरकार में फेरबदल का था। दूसरा मुद्दा राज्य में कैसे बीजेपी का वोट शेयर 50 फीसदी तक बढ़ाया जाए और तीसरा इलाहाबाद में कुंभ मेला की तैयारी का था। ये सभी मुद्दे 201 9 के लोकसभा चुनावों से जुड़े हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक योगी आदित्यनाथ सरकार में 17 और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। कहा जा रहा है कि योगी मंत्रिमंडल में पितृ पक्ष के बाद कभी भी फेरबदल हो सकता है। योगी सरकार मिशन 50 प्रतिशत पर काम कर रही है जिसे हासिल करना इस वक्त पार्टी के लिए आसान काम नहीं है। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान जब देश में मोदी लहर थी तो पार्टी राज्य में 42.30 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रही थी जबकि 2017 विधानसभा चुनाव में उसे लगभग 40 प्रतिशत वोट मिले। तीसरा मुद्दा इलाहाबाद में कुंभ मेले का है जो ठीक लोकसभा चुनाव से पहले पड़ रहा है। बीजेपी इसमें खुद को बड़े स्तर पर शामिल करना चाहती है क्योंकि देश भर से लाखों श्रद्धालु इसमें हिस्सा लेंगे और इसका बड़ा असर होगा।

इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा, यूपी भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे और यूपी बीजेपी प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव मौजूद थे। इस बैठक में पार्टी द्वारा गठित संचालक मंडल की रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। संचालक मंडल ने प्रदेश में पार्टी की स्थिति को लकेर राज्य भर में दौरा कर आंकल किया है। संचालक मंडल ने एससी/एसटी एक्ट के मुद्दे पर भी लोगों से प्रतिक्रिया ली है। अब इन्हीं रिपोर्टों और फीडबैक के आधार पर पार्टी राज्य के लिए रणनीति तैयार करेगी।












Click it and Unblock the Notifications