यूपी उपचुनाव में बसपा का खाता नहीं खुला तो भड़कीं मायावती, बोलीं- बीजेपी ने साजिश कर कुछ सीटें सपा को जिताई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी ने सबसे अधिक सीटें जीती हैं, जबकि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी 3 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही। लेकिन मायावती की बहुजन समाज पार्टी को बड़ा झटका लगा है और उनकी पार्टी का खाता भी नहीं खुल सका। बीएसपी के 11 में से 2 उम्मीदवार (इगलास और जलालपुर में) दूसरे स्थान पर जगह बनाने में सफल हुए। वहीं, उपचुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन का दोष बसपा सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी पर मढ़ा।

'ये बसपा का मनोबल गिराने की साजिश'
मायावती ने ट्वीट कर कहा, 'यूपी विधानसभा उपचुनाव से पहले बीएसपी के लोगों का मनोबल गिराने की साजिश के तहत बीजेपी द्वारा इस उपचुनाव में सपा की कुछ सीटें जिताने और बीएसपी को एक भी सीट नहीं जीतने देने को पार्टी के लोग अच्छी तरह से समझ रहे हैं। वे इनके इस षडयंत्र को फेल करने के लिए पूरे जी-जान से जरूर जुटेंगे।'
मायावती- बीजेपी से साजिश कर कुछ सीटें सपा को जिताई
वहीं, अगले ट्वीट में मायावती ने हरियाणा के चुनाव नतीजों पर भी प्रतिक्रिया दी। बसपा सुप्रीमो ने कहा, 'हरियाणा की जनता भी बीजेपी सरकार के कुशासन से काफी दुःखी व त्रस्त थी और इनसे मुक्ति चाहती थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए जनता में वोटों के बंटने के भय को खूब प्रचारित किया। इससे बीएसपी के समर्पित वोटर तो कतई नहीं डिगे लेकिन अन्य वोटर जरूर भ्रमित हो गए। इसका परिणाम ये हुआ कि बीएसपी इस बार हरियाणा विधानसभा आमचुनाव में सीट जीतने में सफल नहीं हो सकी, हालांकि बीएसपी को पिछली बार से ज्यादा वोट मिले हैं।' बता दें कि बसपा को हरियाणा में एक सीट पर भी जीत नहीं मिल सकी।
हरियाणा में भी नहीं खुला बसपा का खाता
बसपा को लोकसभा चुनाव में सपा से गठबंधन करने के बाद यूपी में 10 सीटें मिली थीं। वहीं, चुनाव नतीजों के बाद मायावती ने एकतरफा गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया था। इस उपचुनाव में इगलास में बीएसपी प्रत्याशी अभय कुमार को बीजेपी के राजकुमार सहयोगी ने 25,937 वोटों के बड़े अंतर से हराया, जबकि जलालपुर में बीएसपी उम्मीदवार एसपी प्रत्याशी से 790 मतों से पिछड़ गईं। वोट शेयर के मामले में भी बीएसपी समाजवादी पार्टी से पिछड़ गई और उसे सिर्फ 17.02% वोट मिले।












Click it and Unblock the Notifications