नरेंद्र मोदी की ताजपोशी 3000 मेहमानों के बीच, पक रहे हैं लजीज व्यंजन

रेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में अतिथियों के नाश्ते का मेन्यू तैयार हो गया है। नाश्ते में मेहमानों को इमरती, रसगुल्ला, राजभोग, कालाजामुन, कचौड़ी, मटर की खास्ता पोटली, संदेश, पेटीज, वेज सैंडवीच, चार तरह की पेस्ट्री, कूकीज, ढोकला, खांडवी, वेज हरियाली कबाब, कटलेट, कोल्ड ड्रिंक, चाय और कॉफी परोसा जाएगा।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी एक आलीशान समारोह में 63 वर्षीय मोदी और उनके मंत्रिपरिषद के सहयोगियों को भारतीय संविधान की शपथ देकर अपने पद के अनुरूप काम करने का दायित्व सौंपेंगे। इस मौके पर निवर्तमान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। इनके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और राजनीतिक दलों के नेता भी इस समारोह में आमंत्रित मेहमानों की सूची में हैं। मोदी की मां हीराबा के भी इस समारोह में मौजूद रहने की संभावना है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘राष्ट्रपति भवन के आसपास के ऑफिस दोपहर बाद एक बजे बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां उनकी जांच करेंगी. सुरक्षा गणतंत्र दिवस के जैसी होगी।' सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने क्षेत्र के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक हवाई सुरक्षा व्यवस्था की है। खास सुरक्षा वाले इलाके के आसपास तमाम ऊंची इमारतों में स्नाइपर्स तैनात किए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि रायसीना हिल्स की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर सुरक्षा कारणों से बैरियर लगाए जाएंगे।
राष्ट्रपति भवन में भी विशिष्ट अतिथियों की आवभगत के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दक्षेस नेताओं के साथ उनके राजनयिक दल भी मौजूद रहेंगे। स्थापत्य कला, राजनीतिक महत्व व खूबसूरती के लिहाज से देश की सर्वश्रेष्ठ इमारतों में से एक राष्ट्रपति भवन को इस तारीखी मौके के लिए पूरे शाही अंदाज में संवारा जा रहा है। इमारत के विशाल प्रांगण में कुर्सियां बिछ चुकी हैं और राष्ट्रीय राजधानी की गर्मी की तपिश मेहमानों तक न पहुंचे, इसके लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications