'7 दिनों के अंदर भारत में CAA लागू हो जाएगा..., गारंटी दे रहा हूं', मोदी के मंत्री का बड़ा दावा
Shantanu Thakur: नागरिक संशोधन अधिनियम (CAA) को लेकर केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने बड़ा दावा किया है। मोदी के मंत्री शांतनु ठाकुर ने दावा किया है कि भारत में 7 दिनों के भीतर CAA लागू हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप में एक सार्वजनिक बैठक में कहा, ''मैं मंच से ये गारंटी दे रहा हूं कि आने वाले अगले 7 दिनों में सिर्फ बंगाल ही नहीं बल्कि पूरे देश में सीएए लागू होगा।'' उन्होंने ये बात बांग्ला भाषा में कही है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि नागरिक संशोधन अधिनियम 'देश का कानून' है और इसे लागू होने से कोई रोक नहीं सकता है। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीएए को लेकर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया था।
लोकसभा चुनाव-2024 से पहले CAA लागू होने की है चर्चा!
जनवरी 2024 के शुरुआती हफ्ते में सरकार के सूत्रों के हवाले से खबर आई थी कि सीएए के नियम को लोकसभा चुनाव की घोषणा से बहुत पहले अधिसूचित किए जाएंगे।
सीएए विधेयक को दिसंबर 2019 में संसद द्वारा मंजूरी दे दी गई थी। इसे 12 दिसंबर 2019 को राष्ट्रपति की सहमति प्राप्त हुई थी। इस विधेयक में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए हिंदुओं, सिखों, बौद्धों, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को भारतीय नागरिकता देने की मांग की गई थी। वहीं मुसलमानों को इससे बाहर रखा गया था।
कानून पारित होने के तुरंत बाद, देश भर में इसको लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। अधिनियम के कार्यान्वयन के नियमों को कभी भी अधिसूचित नहीं किया गया और सरकार ने नियम बनाने के लिए बार-बार विस्तार की मांग की है।
द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सीएए के नियम अब तैयार हैं और ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार है। सूत्रों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और आवेदक अपने मोबाइल फोन से भी आवेदन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications