केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर तिरंगे का अपमान का लगाया आरोप, DNA पर खड़ा किया सवाल
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह वही मानसिकता है जिसके लिए अपनी छवि ज्यादा मायने रखती है नाकि देश का झंडा।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार को श्रीनगर में खत्म हो गई। राहुल गांधी ने श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा फहराकर भारत जोड़ो यात्रा का आखिरी पड़ाव पूरा किया। लेकिन इस दौरान जिस तरह से राहुल गांधी के बड़े-बड़े कटआउट यहां लगाए गए थे इसको लेकर वह विवादों में घिर गए हैं। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ जहां एक दल के तथाकथित नेता राष्ट्रीय ध्वज को फहरा रहे हैं तो दूसरी तरफ वह राष्ट्रीय झंडे को फहराए जाने का नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। राष्ट्रीय ध्वज से भी ऊंचे कटआउट को लगाया गया, जोकि पूरी तरह से निंदनीय है।
राहुल गांधी के बड़े-बड़े कटआउट को लेकर चंद्रशेखर ने कहा कि एक तरह से यह वंशवाद की मानसिकता को दर्शाता है, जहां उनके लिए उनकी छवि ज्यादा अहम है, उनकी तस्वीर ज्यादा जरूरी है, योजनाओं पर उनका नाम, उनके पिता का नाम, दादी का नाम ज्यादा जरूरी है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय ध्वज से ज्यादा जरूरी इनके लिए अपनी छवि है। अगर मैं इस तरह की चीजें कर रहा होता मुझे बहुत शर्मिंदगी होती। लेकिन मुझे लगता है कि यह इनके डीएनए में है। परिवारवाद वाली इस पार्टी में जब आप झंडा भी फहराते हैं तो आप उस झंडे से भी ऊपर होना चाहते हैं, झंडा फहराने के नियमों का उल्लंघन करना चाहते हैं, आप झंडे से ऊंचे कटआउट अपनी तस्वीर के लगाते है।
लेकिन केंद्रीय मंत्री के दावे से इतर अगर हम इस कार्यक्रम के वीडियो को देखें तो हकीकत कुछ और ही है। दरअसल इस कार्यक्रम के दौरान तिरंगा राहुल गांधी के कटआउट से कहीं ऊंचा है। लेकिन कैमरा एंगल लो होने की वजह से तिरंगा कटआउट से छोटा नजर आ रहा है। कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से जो वीडियो शेयर किया है उसमे देखा जा सकता है कि तिरंगा कटआउट से कहीं ऊंचा है।












Click it and Unblock the Notifications