केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले- मूंछ और पूंछ के बाल में जो अंतर वही मोदी और कांग्रेस नेता में
नई दिल्ली। केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने विवादित बयान दिया है। 30 दिसंबर को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि 'नरेंद्र मोदी जी और कांग्रेस नेता में जो अंतर है वो इतनी दूरी का है, जितना अंतर मूंछ के बाल और पूंछ के बाल में होता है।' तोमर मध्य प्रदेश स्थित शिवपुरी में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। बता दें कि शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाले हैं।दोनों सीटें कांग्रेस के पास रही हैं। भाजपा, इन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए जमीन आसमान एक कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का जिक्र करते हुए तोमर ने कहा कि कांग्रेस ने यूपी में राहुल गांधी को आगे कर सपा के अखिलेश यादव से समझौता कर चुनाव लड़ा।

उन्हें उम्मीद थी कि युवाओं का वोट मिलेगा। फिर गुजरात में भी तीन युवाओं के साथ कांग्रेस ने चुनाव लड़ा, लेकिन चुनाव परिणामों ने यह साबित कर दिया कि देश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ ही है।
तोमर ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है लेकिन भाजपा में एक चायवाला भी पीएम बन सकता है। अभी जिन दो सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं वो कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का क्षेत्र है। भाजपा वहां कांग्रेस को हराकर सिंधिया पर सवाल करने का मौका हासिल करना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications