महबूबा मुफ्ती के 'सिखों को खालिस्तानी कहा जा रहा' पर हरदीप पुरी ने दिया जवाब, कही ये बात
महबूबा मुफ्ती के 'सिखों को खालिस्तानी कहा जा रहा' पर हरदीप पुरी ने दिया जवाब, कही ये बात
नई दिल्ली, 22 सितंबर: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पीडीपी मुखिया महबूबा मुफ्ती के उस बयान पर जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अब तो सिर्फ बीजेपी वाले राष्ट्रभक्त रह गए हैं। हमको पाकिस्तानी कहा जा रहा है और सरदारों को खालिस्तानी बताया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में हो रहे उपचुनाव में भाजपा का प्रचार करने पहुंचे हरदीप पुरी ने महबूबा के बयान पर हुए सवाल के जवाब में कहा, किसी भी सिख को देशद्रोही या खालिस्तानी नहीं कहना चाहिए। आप कुछ गुमराह लोगों के आधार पर सामान्यीकरण नहीं कर सकते, इस तरह पूरी कम्युनिटी पर आप सवाल नहीं कर सकते।
Recommended Video

क्या कहा है महबूबा मुफ्ती ने
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा है कि दिल्ली के लोग जम्मू-कश्मीर को प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं और यहां प्रयोग कर रहे हैं। नेहरू, वाजपेयी जैसे नेताओं के पास जम्मू-कश्मीर के लिए एक सोच थी लेकिन मौजूदा सरकार हिंदू और मुसलमानों को बांटने में लगी हुई है। आज तो ये हो रहा है कि सरदार खालिस्तानी हैं, हम पाकिस्तानी हैं, सिर्फ बीजेपी वाले ही हिंदुस्तानी है।
मुफ्ती ने राज्य में हो रहे परिसीमन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि परिसीमन की कवायद बेतरतीब ढंग से की जा रही है। साथ ही बेरोजगारी को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास तालिबान, अफगानिस्तान के बारे में बात करने का तो खूब वक्त है लेकिन बेरोजगारी और किसानों के बारे में बात करने का समय नहीं है। ये लोग सिर्फ नाम बदल रहे हैं, इनको समझना होगा कि नाम बदलने से बच्चों को रोजगार नहीं मिलेगा। युवाओं को आज रोजगार की जरूरत है।
केंद्र पर लगातार हमलावर हैं कश्मीर के नेता
जम्मू कश्मीर के नेता केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। बीते हफ्ते भी महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा था कि कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को खत्म करने का मोदी सरकार का तरीका एक डाकू के किसी के घर में डाका डालने जैसा था। उनके डाका डालने से ये उनका नहीं हो गया है, हम 370 और 35ए दोनों कश्मीर को वापस लेने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications