कोरोना वायरस पर चर्चा लेकर मंत्रियों की दिल्ली में आज बैठक
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संकट को लेकर यूनियन ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स की आज (शुक्रवार) निर्माण भवन दिल्ली में बैठक होगी। जानकारी के मुताबिक, बैठक में कोरोना वायरस के खतरे से निपटने की तैयारियों पर चर्चा होगी। इससे पहले कोरोना वायरस को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर मंत्रियों के समूह (GoM) की एक बैठक हुई थी। वहीं बुधवार को पीएम मोदी ने कैबिनेट की बैठक में विस्तार से मंत्रियों को कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई की जानकारी दी। मोदी ने कहा कि भारत में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इस महामारी से लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के नियमों का पालन सही ढंग से किया गया, तब कोरोना के संक्रमण पर जल्द ही भारत नियंत्रण कर सकता है।

कोरोना वायरस का खतरा देश में लगातार बढ़ रहा है। इसको लेकर देशभर में लॉकडाउन है। पीएम मोदी ने 25 मार्च से 21 दिन का लॉकडाउन लागू किया था। जिसे 14 मार्च को 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। बता दें कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 941 नए केस आए हैं और 37 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद गुरुवार को भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 12,380 हो गई है। अब तक 414 मौतें इस वायरस के चलते हो चुकी हैं। 10,477 लोगों का इलाज चल रहा है जबकि 1,489 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
भारत में कोरोना संक्रमण के महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा है। महाराष्ट्र में 2916 मामले सामने आए हैं और 295 मौत हुई हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 1578, तमिलनाडु में 1242, राजस्थान में 1023, मध्य प्रदेश में 987 और गुजरात में 766 मामले सामने आ चुके हैं।
दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब बीस लाख को पार कर गई है। दुनियाभर में अब तक 20,82,370 लोगों में संक्रमण पाया जा चुका है। इससे अब तक एक लाख 34 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमरीका में 28,527 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इटली में 21,646, स्पेन में 18,812 और फ्रांस में 17,129 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications