Pune Metro: पुणे मेट्रो फेज-2 को केंद्र की मंजूरी, बनेंगे 13 नए स्टेशन, जानें किसे मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
Pune Metro Phase-2: पुणे की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को बड़ा बूस्ट देने के लिए केंद्र सरकार ने पुणे मेट्रो रेल प्रोजेक्ट फेज-2 (Pune Metro Rail Project Phase-2) को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले से पुणे के लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सफर की सुविधा मिलेगी।
IT प्रोफेशनल्स, स्टूडेंट्स और ऐसे लोग जो रोजाना किसी काम के लिए घर से बाहर निकलते हैं और वापस लौटते हैं उनके लिए यह प्रोजेक्ट वरदान साबित हो सकता है।

कौन से रूट होंगे शामिल?
फेज-2 में दो नए एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल होंगे- वानज से चांदणी चौक (कॉरिडोर 2A) और रामवाड़ी से वाघोली/विट्ठलवाड़ी (कॉरिडोर 2B)। ये मौजूदा वानज-रामवाड़ी कॉरिडोर का विस्तार होंगे और शहर की पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे। कुल 12.75 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में 13 नए मेट्रो स्टेशन होंगे।
प्रोजेक्ट में कितना आएगा खर्च? कब तक होगा पूरा?
इस प्रोजेक्ट पर 3,626.24 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें केंद्र सरकार, महाराष्ट्र सरकार और बाहरी एजेंसियां बराबरी से फंडिंग करेंगी। चार साल में इस प्रोजेक्ट के पूरा होने की उम्मीद है।
सुविधाओं का विस्तार और कनेक्टिविटी
नए कॉरिडोर से जिला अदालत इंटरचेंज स्टेशन के जरिए मल्टीमोडल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे लाइन-1 (निगड़ी-कात्रज) और लाइन-3 (हिंजेवाड़ी-डिस्ट्रिक्ट कोर्ट) से भी मेट्रो जुड़ जाएगी। मुंबई, बेंगलुरु, अहिल्या नगर और छत्रपति संभाजी नगर से आने वाली बसों को भी चांदणी चौक और वाघोली पर कनेक्ट किया जाएगा।
आर्थिक और सामाजिक असर
पाउड रोड और नगर रोड जैसी व्यस्त सड़कों का जाम कम होगा। आईटी हब, शैक्षणिक संस्थानों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच आसान होगी। अनुमान है कि 2027 तक रोजाना 96,000 लोग मेट्रो से सफर करेंगे और 2057 तक यह संख्या 3.49 लाख तक पहुंच सकती है। यह प्रोजेक्ट पुणे को हरित, सुरक्षित और स्मार्ट अर्बन मोबिलिटी की दिशा में आगे ले जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications