Budget 2026: 8वें वेतन आयोग पर बड़ा ऐलान, बजट में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए क्या-क्या है?
Budget 2026 8th Pay Commission: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर देशभर में उत्सुकता चरम पर है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार, 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं। यह पहला मौका होगा जब वे रविवार के दिन बजट पेश करेंगी।
बजट से जहां उद्योग, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को कई उम्मीदें हैं, वहीं सबसे ज्यादा नजरें केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की वित्त मंत्री के भाषण पर टिकी हुई हैं।

इस बार बजट इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के औपचारिक गठन के लगभग तीन महीने बाद पेश किया जा रहा है। ऐसे में अटकलें तेज हैं कि क्या सरकार बजट में कोई ऐसा संकेत देगी, जिससे वेतन आयोग की सिफारिशों को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों की उम्मीदें और मजबूत हों।
Central Government Employees Budget : 18 महीने की डेडलाइन, पहले लागू होने की उम्मीद
केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने की समय सीमा दी है। यानी आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार कर सरकार को देने में डेढ़ साल का वक्त मिलेगा। हालांकि, अगर बजट 2026 में सरकार संशोधित वेतन और पेंशन के लिए अलग से राशि आवंटित करने का संकेत देती है, तो यह माना जाएगा कि आयोग की सिफारिशों को अपेक्षा से पहले लागू किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बजट में यदि वेतन और पेंशन से जुड़े वित्तीय प्रावधानों का जिक्र होता है, तो 8वां वेतन आयोग मई 2027 की तय समय सीमा से काफी पहले ही अपनी रिपोर्ट सौंप सकता है।
Salary Hike Govt Employees: 1.1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी और पेंशनभोगी कर रहे इंतजार
देश में केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की कुल संख्या 1.1 करोड़ से अधिक है। इनमें से हर कर्मचारी और पेंशनभोगी की नजर इस बात पर टिकी है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें कब लागू होंगी और उन्हें कितना फायदा मिलेगा।
वेतन आयोग के लागू होने से न सिर्फ कर्मचारियों की सैलरी बढ़ती है, बल्कि पेंशनभोगियों को भी बड़ा फायदा मिलता है। यही वजह है कि बजट 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
7वें वेतन आयोग का अनुभव और राजकोषीय असर
अगर पिछले वेतन आयोग की बात करें, तो 7वें वेतन आयोग के लागू होने से साल 2017 में सरकार के खजाने पर करीब 1.02 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा था। उस समय कर्मचारियों के मूल वेतन और पेंशन को 2.57 के फिटमेंट फैक्टर (157%) के आधार पर संशोधित किया गया था।
इससे कर्मचारियों की सैलरी में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिली थी, लेकिन साथ ही सरकार के राजकोषीय खर्च में भी बड़ा इजाफा हुआ था।
8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर पर टिकी नजर
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर क्या होगा। फिटमेंट फैक्टर ही तय करता है कि मौजूदा मूल वेतन पर कितने प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। भले ही 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 7वें वेतन आयोग से कम रखा जाए, लेकिन फिर भी सरकार के खजाने पर इसका असर ज्यादा पड़ सकता है।
इसकी वजह यह है कि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते साल कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने 8वें वेतन आयोग को लेकर एक अनुमान लगाया था।
रिपोर्ट में संभावित 1.8 के फिटमेंट फैक्टर का जिक्र करते हुए कहा गया था कि पूरी प्रक्रिया का राजकोषीय प्रभाव 2.4 लाख करोड़ से 3.2 लाख करोड़ रुपये के बीच हो सकता है। यह आंकड़ा साफ तौर पर दिखाता है कि 8वें वेतन आयोग को लागू करना सरकार के लिए एक बड़ा वित्तीय फैसला होगा।
Budget 2026 से क्या संकेत मिल सकते हैं?
हालांकि, यह साफ है कि बजट 2026 में सीधे तौर पर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने का ऐलान होना मुश्किल है, लेकिन अगर सरकार संशोधित वेतन और पेंशन के लिए बजटीय प्रावधान करती है या किसी तरह का रोडमैप पेश करती है, तो इसे केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ा पॉजिटिव संकेत माना जाएगा।
अब सभी की नजरें 1 फरवरी को वित्त मंत्री के बजट भाषण पर टिकी हैं। क्या बजट 2026 केंद्रीय कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग को लेकर कोई बड़ा सरप्राइज देगा या फिर उन्हें अभी और इंतजार करना होगा-इसका जवाब जल्द ही सामने आ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications