बेरोजगारी से परेशान हुआ युवक, जेल के फ्री खाने के लिए दी स्टेशन को उड़ाने की धमकी
तमिलनाडु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां युवक ने स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी। वो खुद जेल जाना चाहता था।

कुछ दिनों पहले तमिलनाडु के इरोड रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद पुलिस टीमें एक्टिव हुईं और हर जगह पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन पुलिस को कुछ नहीं मिला। इसके बाद उस शख्स की तलाश शुरू की गई, जिसने ये धमकी दी थी। काफी खोजबीन के बाद रविवार को वो शख्स पुलिस गिरफ्तार में आ गया। इसके बाद उसने धमकी देने के पीछे जो वजह बताई, उसको सुनकर पुलिस वाले भी चौंक गए।
तमिलनाडु पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले चेन्नई के पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में एक फोन आया था। फोन करने वाले शख्स ने इरोड के मुख्य बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और खरीदारी बाजारों में बम ब्लास्ट की बात कही। इसके बाद पुलिस ने इरोड रेलवे स्टेशन, इरोड नगर निगम बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में पूरी तरह से जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिला, जिससे ये साफ हो गया कि ये अफवाह थी। जांच करने पर पता चला कि कॉल कोयंबटूर जिले के मेट्टुपालयम से आई थी।
पुलिस टीम ने शनिवार को इलाके में छापेमारी की और आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार कर दिया। इसके बाद उससे पूछताछ शुरू हुई। आरोपी ने बताया कि वो बेरोजगार है और जिंदगी जीने के लिए संघर्ष कर रहा। ऐसे में उसने धमकी देने का प्लान बनाया। उसको पता था कि वो इस केस में गिरफ्तार हो जाएगा और फिर उसे जेल भेज दिया जाएगा। जेल जाने के बाद कम से कम उसको हर दिन खाना मिल सकेगा। आरोपी ने 2019 और 2021 में भी इसी तरह के फर्जी कॉल किए थे।
पुलिस ने आरोपी का बैकग्राउंड चेक किया। प्रारंभिक जांच में उसकी बातें सही लग रहीं, लेकिन कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (आपराधिक धमकी) और 507 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद रविवार को उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास पेश किया गया, जहां उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications