कोरोना से रिकवर हुआ अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन, एम्स से तिहाड़ जेल किया शिफ्ट
नई दिल्ली, मई 11: कोरोना संक्रमित हुआ अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन अब रिकवर हो चुका है। कोरोना से रिकवर हुए छोटा राजन को एम्स से छुट्टी मिल गई है, जिसके बाद उसे फिर से तिहाड़ जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। 61 साल के छोटा राजन को 25 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर खबर वायरल हो रही थी उसकी कोरोना से मौत हो गई है, जिसको बाद में फेक बताया गया।

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को एम्स से छुट्टी के बाद तिहाड़ की जेल नंबर 2 में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। 61 साल का छोटा राजन 2015 में गिरफ्तारी और फिर इंडोनेशिया के बाली से प्रत्यर्पण के बाद से तिहाड़ जेल में ही है। उसके खिलाफ हत्या और जबरन वसूली सहित करीब 70 आपराधिक केस दर्ज हैं।
साल 2018 में छोटा राजन को पत्रकार ज्योतिर्मय डे की हत्या के केस में दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। ज्योतिर्मय डे का साल 2011 में मर्डर किया गया था। उसका असली नाम राजेंद्र निकलजे है, लेकिन अपराध की दुनिया में उसे छोटा राजन के नाम से जाना जाता है। छोटा राजन ने मुंबई में एक प्रमुख अपराध सिंडिकेट के बॉस के रूप में काम किया है। वो मुंबई में हुए 1993 में सीरियल बम ब्लास्ट का भी आरोपी है।












Click it and Unblock the Notifications