UGC New Bill 2026: यूजीसी को क्यों लाना पड़ा नया बिल? जानिए उस रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ जिसने बदले नियम
UGC New Bill 2026: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने वर्ष 2026 में उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए नए और सख्त नियम लागू किए हैं, जिन्हें Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026 नाम दिया गया है।
इसे लेकर पूरे देश में हंगामा जारी है और दिल्ली से लेकर यूपी तक जबरदस्त विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इस बीच एक सवाल उस रिपोर्ट को लेकर भी चर्चा में बना हुआ है जिसके कारण यूजीसी को इन नियमों में बदलाव करना पड़ा।

इन नियमों का उद्देश्य देशभर की यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में जातिगत भेदभाव को रोकना और सभी छात्रों के लिए समान, सुरक्षित और गरिमापूर्ण शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना है। इन नए नियमों को लेकर जहां एक ओर समर्थन देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर विरोध भी तेज हो गया है।
UGC New Rules 2026 में क्या बदलाा?
UGC के नए नियमों में पहली बार जातिगत भेदभाव की स्पष्ट परिभाषा दी गई है। इसके तहत SC, ST और OBC छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह का प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष या अपमानजनक व्यवहार भेदभाव माना जाएगा। UGC के नए नियमों के तहत अब हर यूनिवर्सिटी और कॉलेज में इक्विटी कमेटी बनाना अनिवार्य होगा। यह कमेटी खास तौर पर SC, ST और OBC छात्रों से जुड़ी जातिगत भेदभाव, उत्पीड़न और अपमानजनक व्यवहार की शिकायतों पर सुनवाई करेगी।
नियमों में साफ कहा गया है कि इस कमेटी में SC-ST, OBC, दिव्यांग और महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। कमेटी की जिम्मेदारी सिर्फ शिकायतों का निपटारा करना ही नहीं, बल्कि कैंपस में बराबरी का माहौल बनाना और पिछड़े वर्गों के छात्रों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को लागू करना भी होगी।
UGC Rohith Vemula Case: क्यों लाने पड़े ये नियम?
UGC को ये नए नियम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लाने पड़े। वर्ष 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने रोहित वेमुला और पायल तड़वी जैसे मामलों की सुनवाई के दौरान UGC को निर्देश दिया था कि वह 2012 के पुराने नियमों को अपडेट करे और जातिगत भेदभाव रोकने के लिए मजबूत और प्रभावी व्यवस्था बनाए।
हैदराबाद यूनिवर्सिटी के पीएचडी छात्र रोहित वेमुला और मुंबई के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज की छात्रा पायल तड़वी ने कथित जातिगत उत्पीड़न के बाद आत्महत्या कर ली थी। इन दोनों मामलों में उनकी माताओं ने जनहित याचिकाएं (PIL) दाखिल की थीं। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा था कि उच्च शिक्षण संस्थानों में भेदभाव रोकने के लिए मौजूदा व्यवस्था नाकाफी है और इसमें तुरंत बदलाव की जरूरत है।
रिपोर्ट के चौंकाने वाले आंकड़े ने बदला नया बिल?
UGC ने सुप्रीम कोर्ट और संसदीय स्थायी समिति को एक अहम रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। जो इस बदलाव का मुख्य आधार बने:
1. शिकायतों में 118% की भारी बढ़ोतरी
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में कैंपस में जाति आधारित भेदभाव की शिकायतों में 118.4% का उछाल आया है।
2019-20 में 173 शिकायतें दर्ज की गईं। 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 378 हो गई। कुल मिलाकर 5 सालों में 1,160 शिकायतें प्राप्त हुईं, जो यह दर्शाती हैं कि पुराने नियम (2012) प्रभावी रूप से काम नहीं कर रहे थे।
2. 75% छात्र झेल रहे भेदभाव (IIT दिल्ली अध्ययन)
यूजीसी ने 2019 के एक महत्वपूर्ण अध्ययन का हवाला दिया, जिसमें पाया गया कि हाशिए पर रहने वाले समुदायों (SC/ST) के लगभग 75% छात्रों ने कैंपस में किसी न किसी रूप में भेदभाव का अनुभव किया। इसमें शैक्षणिक मूल्यांकन, हॉस्टल आवंटन और सामाजिक बहिष्कार जैसे मुद्दे शामिल थे।
3. संस्थागत भेदभाव
रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कई संस्थानों में 'एंटी-डिस्क्रिमिनेशन ऑफिसर' का पद केवल कागजों पर था। भेदभाव अब केवल प्रत्यक्ष नहीं, बल्कि 'अदृश्य' (Indirect Behavior) हो चुका था, जैसे ग्रेडिंग में पक्षपात या शोध (Research) के दौरान जानबूझकर देरी करना।
हालांकि UGC का दावा है कि इनमें से 90 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का निपटारा कर दिया गया, लेकिन पेंडिंग मामलों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। 2019-20 में जहां 18 मामले लंबित थे, वहीं 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 108 हो गई। ये आंकड़े UGC के अपने डेटा पर आधारित हैं, जिन्हें संसद की समिति और सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश किया गया था।
क्यों हो रहा है विरोध?
इन नियमों के लागू होने के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध भी देखने को मिल रहा है। कुछ छात्र संगठनों और सामान्य वर्ग के छात्रों का आरोप है कि UGC के नए नियम सवर्ण छात्रों के खिलाफ इस्तेमाल किए जा सकते हैं और इससे कैंपस में नया तनाव पैदा होगा।
वहीं, समाज का एक बड़ा वर्ग, दलित और आदिवासी संगठनों का कहना है कि अगर पहले से ऐसे सख्त नियम होते, तो शायद रोहित वेमुला और पायल तड़वी जैसी घटनाओं को रोका जा सकता था। UGC New Bill 2026 को उच्च शिक्षा में समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, इसके असर और इससे जुड़े विवाद आने वाले समय में और गहराने की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications