UGC Bill के नए नियम क्या होंगे वापस? सरकार की क्या है प्लानिंग? BJP MP बोले- मोदी है तो मुमकिन है,इंतजार कीजिए
UGC Bill 2026 Controversy: देश की यूनिवर्सिटियों और कॉलेजों में लागू हुए UGC के नए एंटी-डिस्क्रिमिनेशन नियमों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक विरोध की आवाजें तेज हैं। सवाल यही है कि क्या केंद्र सरकार UGC Bill 2026 के नए नियमों को वापस लेने जा रही है या इनमें कोई संशोधन होगा। इसी बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान ने सियासी बहस को और गरमा दिया है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। मोदी है तो मुमकिन है,अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति,पिछड़े वर्ग और सामान्य वर्ग में कोई फर्क नहीं है।

26 जनवरी को ये विवाद उस वक्त और गहरा गया जब उत्तर प्रदेश के बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बताया गया कि यह फैसला UGC के नए कानून और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों के साथ हुई कथित मारपीट से जुड़ा है। इस घटना ने सरकार पर दबाव बढ़ा दिया और सवाल उठने लगे कि क्या नए नियमों को लागू करने से पहले पर्याप्त संवाद नहीं हुआ।
🟡 UGC Bill 2026 को लेकर क्यों मचा है देशभर में हंगामा?
UGC ने 15 जनवरी 2026 से देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों में "Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026" लागू किए। मकसद साफ बताया गया कि कैंपस में छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ के बीच जातिगत और सामाजिक भेदभाव खत्म किया जाए।
लेकिन जैसे ही नियम लागू हुए, कई तबकों में इसे लेकर असमंजस और आशंका पैदा हो गई। कुछ लोग इसे सामान्य वर्ग के खिलाफ बता रहे हैं तो वहीं SC, ST और OBC वर्ग में भी यह डर है कि कहीं नए ढांचे में उनके लिए बनी सुरक्षा कमजोर न पड़ जाए।
🟡 सरकार क्या सच में नए नियम वापस ले सकती है?
उच्चस्तरीय सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार इस पूरे विवाद को बेहद गंभीरता से देख रही है। सूत्रों का कहना है कि नए नियमों को लेकर गलत तरीके से धारणा बना दी गई है। इसी वजह से सरकार "बीच का रास्ता" निकालने पर विचार कर रही है।
संकेत मिल रहे हैं कि 2012 के पुराने UGC नियमों को आधार बनाकर 2026 के नियमों में संशोधन किया जा सकता है। अगर जरूरी हुआ तो कुछ प्रावधानों को वापस भी लिया जा सकता है, ताकि किसी भी वर्ग को भेदभाव का डर न रहे।
🟡 BJP सांसद निशिकांत दुबे ने क्या कहा?
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हैं। 25 जनवरी को उन्होंने पोस्ट कर कहा कि "मोदी है तो मुमकिन है" और UGC नोटिफिकेशन को लेकर फैली सभी भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 के तहत SC, ST, पिछड़ा और सामान्य वर्ग सभी बराबर हैं। उनके मुताबिक 10 प्रतिशत आरक्षण सामान्य वर्ग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से ही मिला और उनके रहते किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होगा।
अपने हालिया पोस्ट में 25 जनवरी को निशिकांत दुबे ने लिखा,
''मोदी है तो मुमकिन है,विश्वास रखिए UGC नोटिफिकेशन की सभी भ्रान्तियों को दूर किया जाएगा । संविधान को आर्टिकलों 14 एवं 15 के अनुसार अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति,पिछड़े वर्ग और सामान्य वर्ग में कोई फर्क नहीं है। 10 प्रतिशत आरक्षण सामान्य वर्ग को केवल और केवल माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के कारण मिला । 1990 मंडल कमीशन लागू होने के बाद इस देश की सभी राजनीतिक पार्टियों ने सरकार बनाई,लेकिन न्याय केवल मोदी जी ने दिया । इंतज़ार कीजिए UGC की भ्रांतियां भी खत्म होगी।''
इससे पहले अपने पोस्ट में निशिकांत दुबे ने लिखा था,
''10 प्रतिशत आरक्षण ग़रीबों के देने वाले के खिलाफ कौन? यह पत्र है पढ़ लीजिए जिसमें UGC साफ कह रही है कि किसी भी समाज,जाति,वर्ग,धर्म या संप्रदाय के तौर पर कोई भेदभाव नहीं होगा। बाबा साहेब अम्बेडकर जी के बनाए संविधान के आर्टिकल 14 की मूल भावना का सम्मान मोदी गारंटी है। मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनकर सवर्ण समाज को सर्वोच्च न्यायालय से मान्यता दिलाकर 10 प्रतिशत आरक्षण दिया,यही सत्य है,उनके रहते सवर्ण जाति के बच्चों को कोई भी नुक़सान नहीं होगा,बाबा साहब अम्बेडकर जी के बनाए संविधान के आर्टिकल 14 का अनुपालन संविधान की मूल भावना है,इससे कोई भी छेडछाड नहीं हो सकता यानि इसमें संशोधन भी नहीं किया जा सकता है ।बहकावे में नहीं आइए,मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में कोई भी भेदभाव नहीं होगा,यह मोदी की गारंटी है जो मेरे जैसा छोटा कार्यकर्ता आपको दे रहा है।''
🟡 नए नियमों की सबसे बड़ी विवादित बात क्या है?
UGC नियमों में "जाति-आधारित भेदभाव" की परिभाषा को लेकर सबसे ज्यादा सवाल उठे हैं। आलोचकों का कहना है कि विनियम 3 (ग) में भेदभाव को मुख्य रूप से SC, ST और OBC तक सीमित किया गया है। इसी वजह से यह आशंका जताई जा रही है कि अगर किसी अन्य वर्ग के साथ भेदभाव होता है तो क्या वह दायरे में आएगा या नहीं। यही बात इस पूरे विवाद का केंद्र बन गई है।
🟡 BHU छात्र नेता ने सुप्रीम कोर्ट का खटखटाया दरवाजा
वाराणसी में BHU के छात्र नेता मृत्युंजय तिवारी ने UGC के नए नियमों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत याचिका दाखिल कर मांग की है कि विनियम 3 (ग) को असंवैधानिक घोषित किया जाए या उसमें संशोधन किया जाए। याचिका में कहा गया है कि जाति-आधारित भेदभाव की परिभाषा किसी भी व्यक्ति पर लागू होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी वर्ग से हो।
🟡 नए नियमों में क्या-क्या बदला गया है?
UGC के 2026 के नियम 2012 के पुराने ढांचे की जगह लाए गए हैं। अब हर कॉलेज और यूनिवर्सिटी में Equal Opportunity Centre बनाना अनिवार्य किया गया है। संस्थानों के प्रमुखों को सीधे तौर पर जवाबदेह बनाया गया है। शिकायत आने पर तय समय में कार्रवाई जरूरी होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर UGC संस्थान को योजनाओं से बाहर कर सकती है या उसकी मान्यता तक रद्द हो सकती है।
🟡 आगे क्या है सरकार की प्लानिंग?
सरकारी सूत्रों का कहना है कि सभी पक्षों से मिले फीडबैक को ध्यान में रखा जा रहा है। सरकार चाहती है कि न तो भेदभाव हो और न ही किसी वर्ग में असुरक्षा की भावना पैदा हो। संभावना यही जताई जा रही है कि या तो नियमों में साफ-साफ संशोधन किया जाएगा या फिर उन्हें आंशिक रूप से लागू किया जाएगा। फैसला जल्द सामने आ सकता है।
🟡 इंतजार की राजनीति या बड़ा यू-टर्न?
UGC Bill 2026 फिलहाल शिक्षा नहीं बल्कि सियासत का बड़ा मुद्दा बन चुका है। भाजपा सांसद के बयान से साफ है कि सरकार पीछे हटने से पहले हर पहलू को तौलना चाहती है। अब देखना यह है कि क्या सरकार विरोध के आगे झुकती है या संशोधन के जरिए संतुलन साधती है। फिलहाल छात्रों और शिक्षकों को "इंतजार कीजिए" के संदेश के अलावा कुछ ठोस नहीं मिला है।












Click it and Unblock the Notifications