दिल्ली: उबर के ड्राइवर ने कार लॉक कर युवती से की छेड़छाड़, हरियाणा से गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर उबर कार में छेड़खानी का मामला समाने आया है। दिल्ली के महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने एक युवती को अगवा कर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले एक उबर कैब चालक को गिरफ्तार किया है। उबर कैब चालक ने निजी कंपनी की अधिकारी को कार में बंधक बनाकर छेड़छाड़ की। लेकिन कोई अनहोनी होती उससे पहले महिला बहादुरी दिखाते हुए कार से निकलने में सफल रही। पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर महेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने आरोपित चालक को छह घंटे के अंदर ही दबोच लिया। उसकी पहचान हरियाणा के गन्नौर के गांधी नगर के संजीव उर्फ संजू (23) के रूप में हुई है।

एप के जरिए बुक की थी कार
जिला पुलिस उपायुक्त असलम खान ने बताया कि गिरफ्तार कैब चालक की पहचान गांधीनगर, गन्नौर, हरियाणा निवासी संजीव उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवती 9 मार्च को कुंडली हरियाणा से रोहिणी सेक्टर तीन स्थित अपने घर आने के लिए ऐप के जरिए एक उबर कैब बुक किया। कुछ देर बाद सफेद स्विफ्ट उसे पिक करने आई जिसकी हरियाणा नंबर की प्लेट सफेद रंग की थी। कार के शीशे भी काले थे। बुकिंग कार की तस्वीर से ये कार अलग थी लेकिन ड्राइवर बोला उसे ही आपको पिक करने भेजा है। ड्राइवर ने भरोसा दिलाया कि ये कार उबर की है।

शक होने पर कार रोकने को कहा तो ड्राइवर ने लॉक कर दी कार
ड्राइवर की बातों पर भरोसा कर महिला कार में सवार हो गई। लेकिन कार जब गलत रूट की तरफ जाने लगी तो महिला ने कार रोकने को कहा तो चालक ने धमकाते हुए सभी दरवाजे को लॉक कर दिया। रात करीब सवा नौ बजे महेंद्रा पार्क इलाके में पहुंचा और धमकी देकर चलती कार में उनके साथ छेड़छाड़ की कोशिश करने लगा। पीड़िता ट्रैफिक लाइट पर गाड़ी रूकते ही कार से नीचे उतरने की कोशिश की। लेकिन चालक ने कार के सेंट्रल लॉक बंद कर दिया।

सीएनजी डलवाने के लिए रोकी कार तो पीड़िता ने लगा दी छलांग
इसके बाद चालक कार में सीएनजी डलवाने के लिए उसे जीटी करनाल रोड के पास सीएनजी पंप पर ले गया, जहां सेंट्रल लॉक खोलते ही पीडि़ता कार से नीचे छलांग लगा दी। इसके बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पीडि़ता ने इसकी शिकायत महेंद्र पार्क थाने में की। जांच के दौरान उबर कंपनी से कार का नंबर लेकर उसकी पहचान कर ली। कार गांव जैंतीकलां, सोनीपत में अमित के नाम पर रजिस्टर्ड थी। जांच में पता चला कि आरोपी चालक के पास लाइसेंस भी नहीं है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications