दिल्ली के कैंसर हॉस्पिटल में काम करने वाली नर्स के बाद उसके 2 साल के बेटे को भी हुआ कोरोना
नई दिल्ली। दिल्ली के कैंसर हॉस्पिटल में एक दो साल का बच्चा कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित पाया गया है। राजधानी में कम उम्र के बच्चे के संक्रमित होने का ये पहला केस है। दिल्ली में निजामुद्दीन स्थित मरकज के बाद दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान सबसे बड़े कोरोना वायरस हॉटस्पॉट के रूप में सामने आया है। इस अस्पताल में तीन डॉक्टर, चार मरीज, एक तीमारदार, एक सुरक्षागार्ड और 18 नर्स के संक्रमित मिलने के बाद अब नर्स का बेटा भी संक्रमित हो गया है। जिससे कुल मामलों की संख्या 29 हो गई है।

दोनों मां-बेटा लोकनायक अस्पताल में भर्ती हैं। नर्स आठ माह की गर्भवती भी है। अभी उसके पति के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इन लोगों को अस्पताल की एक डॉक्टक से ही संक्रमण फैला है। जो कोरोना से संक्रमित पाई गई थी। दरअसल इस डॉक्टर का भाई और भाई की पत्नी ब्रिटेन से लौटे थे। ब्रिटेन कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा, 'ऐसा माना जा रहा है कि डॉक्टर को संक्रमण अपने भाई और भाभी की वजह से हुआ है, जो ब्रिटेन से लौटे थे। वो (डॉक्टर) हाल ही में उनके घर गई थी।'
डॉक्टर के कोरोना से संक्रमित मिलने के बाद अस्पताल ने बीते हफ्ते ही अपनी ओपीडी और लैब को भी बंद कर दिया है। इसके अलावा अस्पताल के 45 स्टाफ सदस्यों सहित कई लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। दिल्ली में कोविड-19 के कुल 1561 केस हैं। मंगलवार को 51 नए केस सामने आए हैं। कुल 1080 केस मरकज से संबंधित हैं बाकि 481 पूरी दिल्ली के हैं। इसके अलावा यहां 30 लोगों की मौत भी हो गई है। इसके साथ ही दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर अब 55 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications