गड्ढे में गिरी कार, हादसे में दो की मौके पर मौत तो पांच घायल
रात दो बजे के करीब शिवरे के ओंकार होटल के सामने ड्राइवर का कार से नियंत्रण टूट गया और कार सीधे गड्ढे में जा गिरी।
पुणे। सातारा महामार्ग पर कार से ड्राइवर का नियंत्रण खोने पर गाड़ी एक गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये घटना पुणे में देर रात घटी, इस घटना में आनंद पुरुषोत्तम सैंदाणे (42) और वेदांत नितिन जगताप (21) की दुर्घटना में मौत हो गई है। साथ ही देवश्री आनंद सैंदाणे (34), आयुश्री सैंदाणे (10), आर्यन सैंदाणे (8), सिद्धांत महेंद्र जगताप (22) और अनिरुद्ध नितिन जगताप (23) ये पांच लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सैंदाणे और जगताप ये एक दूसरे के रिश्तेदार हैं। ये सभी लोग मालवण स्थित एक रिसॉर्ट में छुट्टी मनाने के लिए गए थे। सोमवार की रात सभी पुणे की ओर वापस आ रहे थे। इस समय सिद्धांत जगताप गाड़ी चला रहा था। रात दो बजे के करीब शिवरे स्थित ओंकार होटल के सामने आने के बाद ड्राइवर का कार से नियंत्रण टूट गया और कार सीधे गड्ढे में जा गिरी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, नागरिकों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस घटना में आनंद सौंदणे और वेदांत जगताप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाकी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इलाज के लिए सभी को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। नागरिकों का कहना है कि अगर नाले के पास सुरक्षा दीवार या बैरिकेट्स होते तो ये हादसा टल सकता था। सुरक्षा बेरिकेट्स ना होने की वजह से कार पलटकर सीधे नाले में जा गिरी।
Read more: सुलभ शौचालय में युवती से जबरदस्ती, महिला सुरक्षा पर फिर सवाल