सिद्धारमैया के हाथ में नींबू पर बीजेपी ने साधा निशाना तो सीएम ने किया पलटवार
नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ट्विटर पर एक तस्वीर साझा की है जिसमे वह चुनाव प्रचार के दौरान अपने हाथ में नींबू लिए हैं। सिद्धारमैया की इस तस्वीर के सामने आने बाद भाजपा उनपर आरोप लगा रही है कि वह दोहरी मानसिकता का दिखावा कर रहे हैं। भाजपा ने सिद्धारमैया पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ सिद्धारमैया एक हाथ में नींबू लेकर प्रचार कर रहे हैं तो दूसरी तरफ अंधविश्वास विरोधी बिल को लेकर सामने आए हैं, जोकि हिंदू परंपराओं को अपराध की श्रेणी में डालने का काम करेगा।

सिद्धारमैया ने दी सफाई
भाजपा के आरोप पर सिद्धारमैया ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा इस कानून के बारे में लोगों में अंधविश्वास फैला रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान नींब एक परंपरा के तौर पर दिया गया था, उनके स्वागत के लिए लोगों ने उनके हाथ में नींबू दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब आप किसी गांव में जाते हैं तो लोग आपका नींबू से स्वागत करते हैं और यह कन्नड के लिए अंधविश्वास नहीं है।

भाजपा पर फर्जी खबर फैलाने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंधविश्वास के खिलाफ बिल कर्नाटक विधानसभा में पास किया गया है, यह हिंदू परंपराओं को कम नहीं करता है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि कर्नाटक के बारे में कुछ भी ट्वीट करने से पहले इसकी जानकारी हासिल करिए। उन्होंने कहा कि अगर आप लोगों के बीच फर्जी की खबर फैलाएंगे तो आईबी मिनिस्टर स्मृति ईरानी आपके खिलाफ अपने सर्कुलर के तहत कार्रवाई कर सकती हैं।

भाजपा ने साझा की पुरानी तस्वीरें
सिद्धारमैया और भाजपा के बीच यह ट्विटर जंग यहीं खत्म नहीं हुई। भाजपा ने सिद्धारमैया की कई और तस्वीरों को ट्वीट करके साझा किया और ट्वीट किया, हाहा, हमे पूरा भरोसा है कि यह वही ग्रामीण हैं जिन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान आपके हाथ में नींबू पकड़ाया था। मुख्यमंत्री आब जबरदस्त झूठे हैं, ऐसा लग रहा है कि अब आप पर उम्र का असर होने लगा है। वहीं भाजपा ने फर्जी खबर के सिद्धारमैया के ट्वीट पर भी पलटवार करते हुए कहा कि क्या फर्जी विकास भी फर्जी खबर की श्रेणी में आता है। ऐसे में आपने प्रेस काउंसिल का काम बढ़ा दिया। अगली बार जब प्रेस काउंसिल कर्नाटक आए तो सिद्धारमैया के फर्जी विकास के दावे की भी जांच करे।
इसे भी पढ़ें- तमिलनाडु बंद Live: चेन्नई समेत कोयंबटूर, त्रिची सभी जगह बंद का असर, लोग परेशान












Click it and Unblock the Notifications