Twisha Sharma: ट्विशा शर्मा केस में सुप्रीम कोर्ट की एंट्री! CJI खुद करेंगे सुनवाई, सामने आए 5 बड़े ट्विस्ट
Twisha Sharma Death Probe Reaches SC: भोपाल की पूर्व एक्ट्रेस और कॉरपोरेट प्रोफेशनल Twisha Sharma की संदिग्ध मौत का मामला अब देश की सबसे बड़ी अदालत तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस केस में स्वत: संज्ञान लेते हुए सोमवार को सुनवाई तय कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्या कांत की अध्यक्षता वाली बेंच इस पर सुनवाई करेगी।
इस केस में लगातार नए खुलासे, CCTV फुटेज, पति की फरारी, दूसरा पोस्टमार्टम और जांच पर उठते सवालों ने पूरे मामले को हाई-प्रोफाइल बना दिया है। अब सुप्रीम कोर्ट की एंट्री के बाद केस ने नया मोड़ ले लिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लिया स्वत: संज्ञान?
सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री की ओर से तैयार नोट में कहा गया कि मीडिया रिपोर्ट्स और सामने आ रही परिस्थितियों से जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
नोट में यह भी जिक्र किया गया कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला जज हैं, जिसकी वजह से कथित संस्थागत प्रभाव और जांच प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को "सुओ मोटू रिट पिटीशन" के तौर पर दर्ज किया है। अदालत अब यह देखेगी कि क्या जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से हो रही है या नहीं।
AIIMS दिल्ली करेगा दूसरा पोस्टमार्टम
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट पहले ही दूसरे पोस्टमार्टम के आदेश दे चुका था। इसके बाद दिल्ली AIIMS ने चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम बनाई, जो शनिवार रात भोपाल पहुंच गई।
24 मई को ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। परिवार का आरोप है कि पहली जांच में कई अहम पहलुओं को नजरअंदाज किया गया। अदालत ने कहा था कि जनता का भरोसा बनाए रखने और सभी संदेह दूर करने के लिए दूसरा पोस्टमार्टम जरूरी है।
पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी और 7 दिन की रिमांड
ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने 22 मई को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद भोपाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को जिला अदालत ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
कोर्ट ने उसका पासपोर्ट भी जब्त करने के आदेश दिए हैं। दूसरी तरफ बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। परिवार का आरोप है कि समर्थ फरारी के दौरान अपना हुलिया बदलकर घूम रहा था। गिरफ्तारी के समय वह कैप, मास्क और हल्की दाढ़ी में दिखाई दिया।
'स्क्रिप्टेड गिरफ्तारी' का आरोप
ट्विशा के जीजा सौरभ शर्मा ने दावा किया कि समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पूरी तरह "स्क्रिप्टेड" थी। उनका आरोप है कि इनाम और लुकआउट नोटिस जारी होने के बावजूद आरोपी सड़क मार्ग से आराम से जबलपुर पहुंच गया और कोर्ट में बैठा रहा।
उन्होंने सवाल उठाया कि कोर्ट में मौजूद पुलिस को आरोपी पहले क्यों नहीं दिखा। परिवार ने कटारा हिल्स थाना प्रभारी और कुछ पुलिसकर्मियों पर भी आरोपियों के संपर्क में रहने का आरोप लगाया है। अब परिवार SIT से कुछ अधिकारियों को हटाने की मांग कर रहा है।
CCTV फुटेज ने बढ़ाए सवाल
इस बीच ट्विशा का आखिरी CCTV वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में वह अपने ससुराल के पास एक ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह सामान्य और शांत दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने यह फुटेज जब्त कर लिया है। परिवार का कहना है कि वीडियो कई सवाल खड़े करता है, क्योंकि जिस महिला को कुछ घंटों बाद "आत्महत्या" करने वाला बताया गया, वह वीडियो में बिल्कुल सामान्य दिख रही थी।
ससुराल पक्ष पर क्या आरोप हैं?
ट्विशा के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या, मानसिक प्रताड़ना और दहेज मांगने के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि इंटरकास्ट मैरिज होने की वजह से ट्विशा को लगातार अपमानित किया जाता था। परिजनों के मुताबिक शादी के एक महीने बाद से ही विवाद शुरू हो गए थे। ट्विशा कॉल और चैट के जरिए परिवार को प्रताड़ना की जानकारी देती रहती थीं। दूसरी तरफ ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा ने आत्महत्या की थी।
मैट्रिमोनियल साइट से शुरू हुई थी कहानी
ट्विशा और समर्थ की मुलाकात जनवरी 2025 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में दोनों की शादी हुई। लेकिन शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा की संदिग्ध मौत हो गई।
अब इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी, दूसरा पोस्टमार्टम, पुलिस जांच और ससुराल पक्ष पर लग रहे आरोपों ने इसे देश के सबसे चर्चित मामलों में शामिल कर दिया है। सोमवार की सुनवाई पर अब पूरे देश की नजर टिकी हुई है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे














Click it and Unblock the Notifications