असम बाढ़: दुनियाभर में मशहूर काजीरंगा पार्क के 20 गेंडों की डूबने से मौत
भारी बारिश के चलते असम में आई बाढ़ ने वहां के हालात काफी खराब कर दिए हैं। पिछले दो दिनों में बाढ़ के पानी में कुछ कमी आने की वजह से राहत और बचाव कार्य में भी मामूली मदद मिली है। भले ही पिछले दो दिनों में बाढ़ के पानी में कुछ कमी आई हो, लेकिन दुनियाभर में मशहूर काजीरंगा नेशनल पार्क अभी भी 80 फीसदी पानी के अंदर डूबा हुआ है।

अब तक काजीरंगा पार्क में कुल 207 जानवरों की मौत हो चुकी है। खासतौर पर गेंडों के लिए मशहूर इस पार्क के 20 गेंडों की भी मौत हो जाने की खबर है। वहीं दूसरी ओर 109 जानवरों को अब तक बचाया जा चुका है।
काजीरंगा पार्क के डीएफओ सुवासीश दास ने इंडियन एक्सप्रेस से टेलीफोन पर हुई बातचीत में बताया, "अब तक बाढ़ का स्तर काफी कम हो चुका है और यह खतरे के निशान से भी काफी नीचे है, लेकिन काजीरंगा पार्क का करीब 80 फीसदी हिस्सा अभी भी पानी में डूबा है।" उन्होंने बताया कि बचाव कार्य लगातार चल रहा है और पार्क के अधिक से अधिक जानवरों को बचाने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।
पार्क के डीएफओ ने यह भी बताया कि सबसे अधिक नुकसान चीतलों (hog deer) को हुआ है। बाढ़ के पानी में डूबने की वजह से करीब 152 चीतलों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 12 चीतल नेशनल हाईवे 715 पर चलने वाले वाहनों की चपेट में आकर मर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications