मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद संकट में भाजपा सरकार, साथियों ने दिखाए बागी तेवर
नई दिल्ली। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद प्रदेश में भाजपा सरकार पर खतरा मंडरा रहा है। एक तरफ जहां कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनाने का दावा पेश किया है तो दूसरी तरफ भाजपा के सहयोगियों ने बागी तेवर दिखा दिए हैं। प्रदेश में गोवा फॉरवर्ड पार्टी के नेता विजय सरदेसाई ने साफ कर दिया है कि हमने अपना समर्थन मनोहर पर्रिकर को दिया था ना कि भाजपा को। अब जब मनोहर पर्रिकर नहीं हैं तो हमारे लिए सभी विकल्प खुले हैं। हम गोवा में स्थायी सरकार चाहते हैं। हम नहीं चाहते हैं कि गोवा की विधानसभा भंग हो। हम भाजपा की विधायक दल की बैठक का इंतजार करेंगे और उसके बाद अगले कदम का ऐलान करेंगे।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के मुखिया विजय सरदेसाई अपनी पार्टी के विधायक विनोद पालयेकर और जयेश सलगावकर व दो निर्दलीय विधायक रोहन खाउंटे और गोविंद गौड़े के साथ नितिन गडकरी के साथ बैठक करने के लिए पहुंचे थे। वहीं एमजीपी नेता सुदिन धावलिकर ने नितिन गडकरी के साथ बैठक के बाद कहा ये लोग एक घंटे में इस बात का फैसला करेंगे कि क्या करना है। मैं अपनी पार्टी कमेटी की बैठक करने जा रहा हूं। मैं उन लोगों से कहूंगा कि वह प्रस्ताव पास करें।
नितिन गडकरी के साथ बैठक के बाद गोवा विधानसभा के डेप्युटी स्पीकर और भाजपा विधायक माइकल लोबो ने कहा कि एमजीएफ के नेता सुदि धावलीकर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार भाजपा को समर्थन देकर त्याग किया है, उन्होंने अपनी मांग सामने रख दी है, भाजपा इसके लिए तैयार नहीं होगी। बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर पिछले काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके बाद रविवार की शाम को उनका निधन हो गया।












Click it and Unblock the Notifications