जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में विरोध प्रदर्शन में पर्यटकों पर पत्थरबाजी, सात पर्यटक घायल
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में पत्थरबाजी की चपेट में आने की वजह से कम से कम सात पर्यटकों के घायल होने की खबरें हैं। सोमवार देर रात दक्षिण कश्मीर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी थे। इन प्रदर्शनों के दौरान ही पर्यटकों से भरे वाहनों पर भी पत्थर फेंके जाने की खबरें हैं।
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में पत्थरबाजी की चपेट में आने की वजह से कम से कम सात पर्यटकों के घायल होने की खबरें हैं। सोमवार देर रात दक्षिण कश्मीर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी थे। इन प्रदर्शनों के दौरान ही पर्यटकों से भरे वाहनों पर भी पत्थर फेंके जाने की खबरें हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब पहलगाम जाने वाली गाड़ियां अश्मुकाम के पास से गुजर रही थीं। पहलगाम दक्षिण कश्मीर का ही एक मशहूर और खूबसूरत पर्यटन स्थल है।

केरल से आए थे पर्यटक
सोमवार देर रात पर्यटकों से भरी चार गाड़ियों पर अश्मुकाम गांव में पत्थरबाजी की गई। पुलिस सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इन गाड़ियों में केरल से आने वाले 40 पर्यटक सवार थे। ये सभी पहलगाम से लौट रहे थे और श्रीनगर जा रहे थे। सोमवार रात करीब आठ बजे जैसे ही गाड़ियां अश्मुकाम गांव पहुंची, उन पर भी पत्थरबाजी शुरू हो गई और करीब सात पर्यटकों को चोट आ गई। हालांकि पर्यटकों की चोट बहुत गंभीर नहीं है लेकिन इस घटना ने राज्य सरकार के लिए मुसीबतें पैदा कर दी हैं। स्थानीय गांव वाले तुरंत ही पर्यटकों के बचाव में आए और घायल पर्यटकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस सूत्रों की ओर से कहा गया है कि दो पर्यटकों के सिर में चोट आई है और उन्हें टांके लगाने पड़े हैं। वहीं पांच पर्यटकों को हल्की चोटें लगी हैं। सभी पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से वापस भेज दिया गया।
एनकाउंटर का विरोध
सूत्रों की ओर से जानकारी दी गई है कि मंगलवार की सुबह पुलिस की सुरक्षा में इन पर्यटकों को रवाना किया गया। पहलगाम में सिविल एडमिनिस्ट्रेशन के एक ऑफिसर की ओर से जानकारी दी गई, 'विरोध प्रदर्शन के समय ही पर्यटक आगे जा रहे थे। ऐसे में वह भी पत्थरबाजी की चपेट में आ गए।' नाम न बताने की शर्त पर इस अधिकारी की ओर से बताया गया है कि कुछ को हल्की चोटें आई हैं और स्थानीय लोगों ने इन पर्यटकों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सोमवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में समेत कई और गांवों में विरोध प्रदर्शन जारी थी। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में हुए एनकाउंटर में सेना ने हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी समीर टाइगर के साथ ही दो आतंकियों को मार गिराया था। इस एनकाउंटर के विरोध में ही साउथ कश्मीर में प्रदर्शन जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications