एक UT और 2 राज्यों में देश के कुल 52% कोरोना मरीज मौजूद, सामने आया चौंकाने वाला ये आंकड़ा
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 33 में COVID-19 के मामले अब तक सामने आए हैं। जबकि केंद्र सरकार का कहना है कि भारत में अभी तक महामारी का सामुदायिक प्रसारण नहीं हुआ है। भारत में कोरोना वायरस मामलों की संख्या 30,000 के आंकड़े को पार कर गई है। महामारी के कारण देशभर में 1,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7,600 से अधिक लोग ठीक हो गए हैं।

दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश बने हॉटस्पॉट
पिछले कुछ हफ्तों में भारत में कोरोना के मामलों में आश्चर्यजनक वृद्धि देखी गई है, जिसमें महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश हॉटस्पॉट के रूप में उभरे हैं। निस्संदेह भारत कोरोना वायरस महामारी के रूप में सबसे खराब स्वास्थ्य आपातकाल से जूझ रहा है, देश में हर दिन दसियों नए मामले सामने आ रहे हैं। महामारी का प्रकोप ऐसा है कि केंद सरकार को देशव्यापी लॉकडाउन बढ़ाकर 3 मई, 2020 तक करना पड़ा वहीं, इसके और बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि भारत में 25 मार्च से देशबंदी है।

ऐसे बढ़ी कोरोना की रफ्तार
देश में कोरोना वारस के फैलाव के ऐसे समझा जा सकता है कि 10 मार्च को भारत में सिर्फ 50 कोरोना संक्रमित मामले थे। 20 मार्च को यह बढ़कर 196 और 25 मार्च तक 606 मामले हो गए। 31 मार्च यानी महीने के अंत तक भारत में 1,397 मरीजों की पुष्टि हो चुकी थी। वहीं, 18 अप्रैल तक सरकारी आंकड़ो में 14, 792 संक्रमित मामलों को देखा जा सकता था और यह 29 अप्रैल तक बढ़कर 31,332 पर पहुंच गया।

दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात में 52 फीसदी मामले
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस के कुल मामलों में से 52 फीसदी केस सिर्फ दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात से सामने आए हैं। सरकारी आंकड़ो मे भी ये तीनों क्षेत्र लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। महाराष्ट्र में अब तक 9915 मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें से 1593 ठीक हुए हैं और 432 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात में पिछले सप्ताह से संक्रमित मामलों में तेजी देखी गई है, यहां अब तक 4082 मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें से 572 ठीक हुए हैं और 197 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली की बात करें तो यहां 3439 मामलों की पुष्टि हुई है जिसमें से 1092 ठीक हुए हैं और 56 लोगों की मौत हो चुकी है।

दुनिया में कुल 32 लाख से ज्यादा संक्रमित
गौरतलब है कि दुनियाभर में अब तक कोरोना से 32 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं तो वहीं अब तक दो लाख से अधिक लोगों की मौत हो गई है। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 33,610 हो गई है। अब तक 1075 मौतें हुई हैं। इस समय 24162 एक्टिव केस हैं यानि इन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 8373 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना से कांग्रेस के पार्षद बदरुद्दीन की मौत के बाद पार्टी की महिला पार्षद भी चपेट में आईं












Click it and Unblock the Notifications