कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़े अबतक के 10 बड़े अपडेट
नई दिल्ली, 30 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। लेकिन नामांकन के आखिरी दिन इस चुनाव में बड़ा ट्विस्ट आया, जब दिग्विजय सिंह इस रेस से बाहर हो गए। दिग्विजय सिंह की जगह अब मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद की रेस में शामिल हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो गांधी परिवार मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में था, यही वजह है कि खड़गे अब इस रेस में शामिल हो गए हैं।

- माना जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में नेता विपक्ष के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। कांग्रेस ने यह नियम तय किया है कि एक व्यक्ति एक पद पार्टी में लागू होगा, लिहाजा वह इस पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
- मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आज 3 बजे से पहले अपना नामांकन दायर कर सकते हैं। दोपहर 3 बजे नामांकन की डेडलाइन है।
- दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को नामांकन पत्र लिया था, लेकिन आज सुबह मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने के बाद उन्होंने खुद को इस रेस से बाहर कर लिया।
- सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने खड़गे से बीती रात मुलाकात की और उन्हें इस बात की जानकारी दी कि शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि आप चुनाव लड़ें।
- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुडा ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे का समर्थन किया है। गौर करने वाली बात है कि हुड्डा जी-23 के सदस्य भी हैं।
- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी से माफी मांगने के बाद खुद को अध्यक्ष पद के चुनाव से बाहर कर लिया है।
- माना जा रहा था कि गहलोत गांधी परिवार की पहली पसंद थे, लेकिन राजस्थान में सियासी ड्रामे के बाद उनकी दावेदारी पीछे छूट गई
- कांग्रेस का कहना है कि गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री रहेंगे या नहीं, इसका फैसला सोनिया गांधी लेंगी।
- कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि गहलोत के समर्थन में जिन विधायकों ने बगावत की थी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- 20 साल के बाद पहली बार कांग्रेस का अध्यक्ष गांधी परिवार के बाहर का होगा। गांधी परिवार ने इस चुनाव से खुद को दूर कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications