TN Government Formation: बहुमत से 10 सीट दूर विजय, किसके साथ बनाएंगे सरकार? जानें TVK के सामने क्या हैं विकल्प
TN Government Formation: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय थलापति की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीत ली हैं और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
हालांकि, सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के बहुमत आंकड़े से TVK अभी भी 10 सीट पीछे है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय सरकार कैसे बनाएंगे और किसके साथ गठबंधन करेंगे?

Thalapathy Vijay Governor Meeting: राज्यपाल से मुलाकात, सरकार बनाने की तैयारी
टीवीके प्रमुख विजय आज, 6 मई को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करने वाले हैं। यह मुलाकात सरकार गठन की दिशा में पहला बड़ा कदम मानी जा रही है। परंपरा के अनुसार, राज्यपाल सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का मौका देते हैं और बहुमत साबित करने के लिए समय भी दिया जाता है।
क्या हैं विजय के पास विकल्प?
राज्यपाल विजय के सामने मुख्य रूप से दो विकल्प रख सकते हैं:
1. गठबंधन बनाकर बहुमत साबित करना
अगर विजय अन्य पार्टियों का समर्थन जुटाकर 118 या उससे अधिक सीटों का आंकड़ा पार कर लेते हैं, तो उन्हें सरकार बनाने का न्योता मिल जाएगा। अगर TVK बहुमत जुटाने में असफल रहती है, तो राज्यपाल दूसरी सबसे बड़ी पार्टी DMK (59 सीट) को सरकार बनाने के लिए बुला सकते हैं।
2. अल्पमत सरकार बनाना:
यदि विजय किसी औपचारिक गठबंधन में नहीं जाना चाहते, तो वे 'अल्पमत सरकार' (Minority Government) बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। इस स्थिति में TVK सरकार बना सकती है, लेकिन उसे हर विधेयक और विश्वास मत के लिए अन्य पार्टियों के समर्थन पर निर्भर रहना होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि DMK और AIADMK दोनों ही तुरंत सरकार गिराने का जोखिम नहीं उठाएंगी, क्योंकि इससे दोबारा चुनाव हो सकता है और "विजय लहर" और मजबूत हो सकती है।
TVK Alliance with Congress: कांग्रेस का समर्थन, लेकिन बहुमत के लिए 10 नहीं, 12 सीटों की जरूरत?
ताजा राजनीतिक घटनाक्रम में कांग्रेस ने TVK को समर्थन देने का फैसला किया है। कांग्रेस के पास 5 सीटें हैं, जिससे TVK का आंकड़ा बढ़कर 113 हो जाता है। इसके अलावा CPI(M) (2 सीट), CPI (2 सीट) और IUML (2 सीट) हैं अगर ये दल भी समर्थन देते हैं, तो TVK आसानी से बहुमत के पार पहुंच सकती है। हालांकि, कांग्रेस का TVK को समर्थन देना DMK के साथ उसके 22 साल पुराने गठबंधन में दरार पैदा कर सकता है। इससे तमिलनाडु में INDIA ब्लॉक की राजनीति में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
लेकिन गणित इतना आसान नहीं होगा। विजय ने इस चुनाव में दो सीटों-पेरंबूर (चेन्नई) और तिरुचिरापल्ली ईस्ट से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, जिससे पार्टी की संख्या 108 से घटकर 107 हो जाएगी। इसके अलावा, अगर TVK का कोई विधायक स्पीकर बनता है, तो वह विश्वास मत में वोट नहीं कर पाएगा। ऐसे में प्रभावी संख्या घटकर 106 रह जाएगी। इस स्थिति में विजय को सुरक्षित बहुमत के लिए कम से कम 12 अतिरिक्त विधायकों का समर्थन चाहिए होगा।
AIADMK के साथ गठबंधन की संभावना?
राजनीतिक गलियारों में AIADMK (47 सीट) के साथ गठबंधन की चर्चा भी है, लेकिन यह संभावना काफी कमजोर मानी जा रही है। वजह यह है कि AIADMK ने चुनाव BJP के साथ मिलकर लड़ा था, जबकि विजय खुद को ड्रविड़ राजनीति का समर्थक और BJP विरोधी बताते रहे हैं।
कब हो सकता है शपथ ग्रहण?
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, राज्यपाल से मुलाकात के बाद TVK सरकार गठन का दावा पेश कर सकती है और 7 मई को शपथ ग्रहण समारोह भी हो सकता है। तमिलनाडु में इस बार का जनादेश साफ तौर पर बदलाव की ओर इशारा करता है। विजय के सामने चुनौती सिर्फ सरकार बनाने की नहीं, बल्कि स्थिर सरकार देने की भी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह गठबंधन की राजनीति अपनाते हैं या माइनॉरिटी सरकार का जोखिम लेते हैं।












Click it and Unblock the Notifications