'कैश फॉर क्वेरी' विवाद में घिरी महुआ मोइत्रा को ममता बनर्जी का साथ! TMC में मिली एक और जिम्मेदारी
कैश-फॉर-क्वेरी विवाद के बीच लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा को तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन में अहम जिम्मेदारी दी है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा को कृष्णानगर (नादिया उत्तर) का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जो उनके लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
सांसद महुआ मोइत्रा ने नई जिम्मेदारी दिए जाने पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी का आभार व्यक्त किया है। इसके बाद माना जा रहा है कि, कैश फॉर क्वेरी विवाद में पार्टी ने महुआ के साथ खड़े होने के संकेत दिए हैं।

जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद महुआ ने ट्वीट कर कहा कि कृष्णानगर का जिला अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए ममता बनर्जी और पार्टी को धन्यवाद। मैं कृष्णानगर के लोगों के लिए पार्टी के साथ हमेशा काम करूंगी। इसके अलावा चोपड़ा के विधायक रुकबानुर रहमान को भी अध्यक्ष बनाया गया है।
इससे पहले, लोकसभा आचार समिति ने 'कैश फॉर क्वेरी' मामले में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश की थी। समिति की रिपोर्ट को 6:4 के विभाजित फैसले द्वारा अनुमोदित किया गया था।
पैनल प्रमुख विनोद सोनकर ने कहा था कि, छह सदस्यों ने मोइत्रा के खिलाफ 'कैश-फॉर-क्वेरी' आरोप पर रिपोर्ट का समर्थन किया, जबकि चार ने इसका विरोध किया। उन्होंने आगे कहा कि मोइत्रा पर लगे आरोपों पर एथिक्स कमेटी ने एक रिपोर्ट तैयार की है।
कमेटी की सिफारिश के बाद महुआ ने निशाना साधते हुए कहा था कि, 'ये कंगारू कोर्ट में पहले से फिक्स मैच की तरह था। भले ही वे मुझे निष्कासित कर दें, अगली लोकसभा में मैं ज्यादा वोटों से जीतकर वापस आऊंगी।'












Click it and Unblock the Notifications