TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन राज्यसभा से सस्पेंड, कथित रूप से सभापति के ऊपर फेंकी थी रूल बुक
नई दिल्ली, दिसंबर 21। संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्षी पार्टी के एक और सांसद को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, मंगलवार को राज्यसभा में कथित रूप से सभापति के ऊपर रूल बुक फेंकने वाले टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को राज्यसभा से सस्पेंड कर दिया गया है। डेरेक ओ ब्रायन पर 'दुर्व्यवहार' करने का आरोप लगा है, जिसकी वजह से वो मौजूदा सत्र से निलंबित रहेंगे।
Recommended Video

चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान किया हंगामा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को राज्यसभा में चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक 2021 पर चर्चा के दौरान विपक्षी दलों के नेता हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान कथित रूप से डेरेक ओ ब्रायन ने सभापति के ऊपर रूल बुक फेंकी थी। बाद में सभापति ने कार्रवाई करते हुए उन्हें मौजूदा सत्र की शेष अवधि से सस्पेंड कर दिया।
निलंबन पर डेरेक ओ ब्रायन की प्रतिक्रिया
सभापति की इस कार्रवाई पर डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि पिछली बार की तरह इस बार भी मुझे राज्यसभा से सस्पेंड कर दिया गया है, पिछली बार जब मुझे सस्पेंड किया गया था तो उस वक्त कृषि कानूनों को लेकर सदन में हंगामा चल रहा था और बाद में सरकार को उन कानूनों का वापस ही लेना पड़ा। आज भी बीजेपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के चलते मुझे सस्पेंड किया गया है। उम्मीद है कि यह (चुनाव कानून संशोधन) विधेयक भी जल्द ही निरस्त हो जाएगा।
राज्यसभा से पास हो गया चुनाव कानून (संशोधन) अधिनियम
आपको बता दें कि राज्यसभा में जिस विधेयक के खिलाफ डेरेक ओ ब्रायन समेत विपक्ष के कई नेता हंगामा कर रहे थे, उस विधेयक को राज्यसभा से पास करा लिया गया है। मंगलवार को मतदाता सूची डेटा को आधार से जोड़ने वाले चुनाव अधिनियम (संशोधन) विधेयक, 2021 को राज्यसभा में पारित कर दिया गया। इससे पहले सोमवार को ये विधेयक लोकसभा से पारित हो गया था। विपक्ष ने इस विधेयक का राज्यसभा और लोकसभा दोनों में भारी विरोध किया। डेरेक ओ ब्रायन तो राज्यसभा से वॉकआउट ही कर गए।












Click it and Unblock the Notifications