अमित शाह ने 72 घंटे में माफी ना मांगी तो करेंगे कानूनी कार्रवाई: तृणमूल
कोलकाता। शनिवार को कोलकाता की रैली में दिए गए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के भाषण को टीएमसी ने बंगाल का अपमान बताया है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा है कि अमित शाह ने राज्य के लोगों का अपमान किया है और अगर 72 घंटे के भीतर भाजपा नेता माफी नहीं मांगते हैं तो पार्टी उनके खिलाफ अदालत में जाएगी। डेरेक ने अमित शाह की रैली को भी एक फ्लॉप शो बताया।

डेरेक ने कहा, 'अमित शाह की रैली फ्लॉप शो था, उन्होंने आज बंगाल का अपमान किया है। वह बंगाल की संस्कृति को नहीं समझते और उन्होंने अपने झूठ से बंगाल का अपमान किया। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए, अगर वह 72 घंटों के भीतर माफी नहीं मांगते तो हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।'
शनिवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कोलकाता में रैली की। अमित शाह ने रैली से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। शाह ने यहां कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिए टीएमसी का वोटबैंक हैं। उन्हें देश से ज्यादा वोटबैंक प्यारा है। अमित शाह ने कहा कि बंगाल के अंदर बांग्लादेशी घुसपैठिए बम धमाके करते हैं लेकिन टीएमसी उन्हें यहां रखना चाहती हैं।
शाह ने कहा कि टीएमसी के शासन में बम बनाने के कारखाने खुलते जा रहे हैं। अगर बंगाल को आगे बढ़ना है तो बीजेपी की सरकार यहां बननी चाहती है। पंचायत चुनाव में टीएमसी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। बीजेपी के 65 कार्यकर्ताओं को मार दिया गया। जब से ममता बनर्जी की सरकार आई है, नारदा, सारदा, रोजवैली घोटाले सामने आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications