Tirupati laddu: तिरुपति लड्डू में मिली बीफ की चर्बी, जांच में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे
Tirupati Laddu Controversy: विश्व प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू में बीफ और सूअर की चर्बी और मछली का तेल पाए जाने की पुष्टि की गई है। पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपनी पूर्ववर्ती वाईएसआर जगन मोहन रेड्डी के कार्यकाल के दौरान इस तरह की मिलावट का आरोप लगाया था। अब एक निजी प्रयोगशाला ने इन दावों की पुष्टि कर दी है।
एक लैब रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है कि आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में जो प्रसाद के रूप में लड्डू चढ़ाया जाता है, उसमें जानवरों की चर्बी और मछली का तेल पाया गया था। सीएम नायडू ने पिछली वाईएसआर कांग्रेस सरकार पर तिरुपति लड्डू बनाने के लिए जानवरों की चर्बी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया था।

तिरुपति लड्डू में बीफ,सूअर की चर्बी इस्तेमाल हुई- लैब रिपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक एक निजी लैबोरेटरी NDDB CALF की ओर से तैयार गई जांच रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि तिरुपति लड्डू बनाने के लिए इस्तेमाल की गई घी के सैंपल में पाम ऑयल, मछली का तेल, बीफ की चर्बी और लार्ड (सूअर की चर्बी) पाया गया। यह लैब जानवरों का चारा, दूध और दूध से बने उत्पादों के परीक्षण पर फोकस करती है।
चंद्रबाबू नायडू के खुलासे पर शुरू हुआ सियासी बवाल
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के आरोपों के बाद आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी इस मुद्दे को लेकर पिछली जगन मोहन रेड्डी की सरकार को घेरा है।
उन्होंने एक्स पर डाली गई अपनी पोस्ट में कहा, 'तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी का मंदिर हमारा सबसे पवित्र मंदिर है। मैं यह जानकर भौंचक्का हूं कि वाईएस जगन मोहन रेड्डी प्रशासन ने तिरुपति प्रसादम में घी की जगह जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया।'
जगन मोहन रेड्डी की पार्टी ने आरोपों को बताया 'दुर्भावनापूर्ण'
हालांकि, वाईएसआरसीपी ने नायडू के आरोपों को 'दुर्भावनापूर्ण' बताते हुए कहा है कि टीडीपी चीफ, 'निचले स्तर की राजनीति' पर उतर आए हैं। पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद सुब्बा रेड्डी ने आरोप लगाया है कि ने उन्होंने अपनी टिप्पणियों से पवित्र तिरुमाला की पवित्रता और करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाया है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'तिरुमला प्रसादम के बारे में उनकी टिप्पणियां बड़ी दुर्भावनापूर्ण है। कोई भी व्यक्ति ऐसे शब्द नहीं बोलेगा या आरोप नहीं लगाएगा।' उधर आंध्र प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला ने इस मामले की तहकीकात के लिए सीबीआई जांच की मांग की है।
कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग की और चंद्रबाबू पर भी किया पलटवार
उन्होंने प्रेस रिलीज जारी कर कहा, 'तत्काल एक उच्च-स्तरीय समिति गठित की जाए या सीबीआई जांच बिठाई जाए कि क्या घी की जगह जानवरों की चर्बी इस्तेमाल की गई थी।' हालांकि, उन्होंने भी नायडू के आरोपों को लेकर कहा कि इससे करोड़ों हिंदुओं की भावना आहत हुई है, जिनके लिए भगवान वेंकटेश्वर पूजनीय देवता हैं।
वीएचपी ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की
इस बीच विश्व हिंदू परिषद ने इसे बहुत ही गंभीर मुद्दा बताते हुए तिरुपति लड्डू में जानवरों की चर्बी इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है। वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने एक बयान में कहा, 'यह बहुत ही गंभीर विषय है, जिसे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की ओर से उठाया गया है। जिसने भी तिरुपति लड्डू प्रसादम में जानवरों की चर्बी का उपयोग किया है, उसे सजा दें।'
इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए- टी राजा सिंह
वहीं हैदराबाद से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने कहा, 'यह पता चला है कि आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी के शासन के दौरान पवित्र तिरुपति लड्डू प्रसादम में बीफ की चर्बी और मछली का तेल इस्तेमाल होता था। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर सीधा हमला है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी जांच रिपोर्ट साझा करते हुए एक्स पर लिखा है, 'जांच रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि तिरुपति मंदिर में वितरित प्रसाद के लड्डू बनाने में बीफ चर्बी और मछली के तेल का इस्तेमाल किया गया। जब सरकार हिंदू विरोधी होती है, तो वह सबसे पहले आस्था पर हमला करती है।'












Click it and Unblock the Notifications