TIK TOK ऐप पर तमिलनाडु में लग सकता है बैन, अश्लील वीडियो अपलोड कर रहे यूजर्स
नई दिल्ली। 'टिक टॉक' ऐप के कारण आए दिन हो रहे हादसों और और इस ऐप पर बढ़ते अश्लील वीडियो के कारण तमिलनाडु सरकार सख्त कदम उठाने पर विचार कर रही है। अब तमिलनाडु सरकार टिक टॉक ऐप को बैन कराने पर विचार कर रही है और राज्य सरकार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से बात करेगी। तमिलनाडु के राज्य सूचना और प्रसारण मंत्री एम मणिकंदन ने कहा है कि इस ऐप से तमिल संस्कृति को नीचा दिखाने की कोशिश हो रही है।

मंत्री ने कहा कि राज्य के कई राजनीतिक दलों ने टिक टॉक को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। उन्होंने कहा कि ब्लू व्हेल गेम को जिस तरह से बैन किया गया, उसी तरह टिक टॉक को भी बैन किया जाए। एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, पीएमके के एक नेता ने भी पिछले महीने टिक टॉक पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई थी।
ये पहली बार नहीं है जब टिक टॉक ऐप को लेकर विवाद सामने आया है। टिक टॉक चीनी कंपनी 'बाइट डान्स' का एक ऐप है जिसके जरिए 15 सेकंड के वीडियो बनाकर शेयर किए जा सकते हैं। इसे साल 2016 में लॉन्च किया गया था। इसके दो साल बाद साल 2018 में इस ऐप की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और ये अमेरिका में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप भी बन गया।
भारत में भी इस ऐप की लोकप्रियता बढ़ रही है। विधायक थमीमुन अंसारी कहते हैं कि इस ऐप के जरिए बहुत से लोग अश्लील गतिविधियां चला रहे हैं। इस ऐप के कारण बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। वहीं, एआईएडीएमके नेताओं ने कहा कि टिक- टॉक से कानून-व्यवस्था को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लोग इस ऐप के लिए खुद की जान खतरे में डाल रहे हैं।











Click it and Unblock the Notifications