तिहाड़ में होगी बिजनेस डील, सुब्रत रॉय के लिए जेल में कॉन्फ्रेंस रूम तैयार

जेल में कई तरह की तैयारियां चल रही हैं। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, सुब्रत रॉय और दो सहारा निदेशक, अशोक राय चौधरी और रवि शंकर दुबे के लिए तिहाड़ में एक कॉन्फ्रेंस रूम और उसके साथ अटैच बाथरूम तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सुब्रत राय के कमरे में लैपटॉप, मोबाइल, वाई-फाई कनेक्टिविटी आदि की सुविधा दी गई है। इतना ही नहीं सहारा प्रमुख से डील के लिए मिलने आने वाले लोगों की खातिर खाना जेल कैंटीन में बनाया जाएगा।
सुब्रत रॉय अपनी जमानत के लिए 10 हजार करोड़ जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। सहारा की संपत्तियों की खरीददारी को लेकर 5-15 अगस्त के बीच तिहाड़ जेल में बाहर से लोग आएंगे। तिहाड़ जेल अधिकारियों ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग को लिखित जानकारी देते हुए बताया है कि तिहाड़ में बन रहे इस कॉन्फ्रेंस रूम को एक स्पेशल जेल के तौर पर नोटिफाई किया जाए।
जेल में बना कॉन्फ्रेंस रुम पूरी तरह से वातानुकुलित है। इसमें एक 52 इंच का टीवी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा और 25 सीटों वाली टेबल लगाया गया है। सुब्रत रॉय के कमरे में लैपटॉप, मोबाईल, वाई-फाई कनेक्टिविटी की सुविधा होगी। गौरतलब है कि इन सारी विशेष सुविधाओं का भुगतान सहारा ग्रुप करेगा। कोर्ट की ओर से मिली इजाजत के बाद सुब्रत राय और उनके दो निदेशकों रात में भी काम कर सकेंगे, क्योंकि उन्हें यूरोप और अमेरिका में भी लोगों से बात करनी पड़ेगी।









Click it and Unblock the Notifications