यूपी के इस शहर में अब इन लोगों को नहीं मिलेगा पेट्रोल, कहीं आप भी तो लिस्ट में नहीं
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के नोएडा के जनपद गौतम बुद्ध नगर में आने वाले 1 जून से पेट्रोल पंप पर नए नियम देखने को मिलेंगे। अब पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंचे दोपहिया चालकों को हेलमेट साथ न होने पर पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। दरअसल जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप के डीलरों के साथ मंगलवार को एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने ये आदेश दिया और कहा कि 1 जून से इसका पालन किया जाना चाहिए। सड़क सुरक्षा के लिए जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से ये फैसला लिया गया। ऐसे में 31 मई के बाद दोपहिया वाहन वालों के लिए बिना हेलमेट घूमना आसान नहीं होगा।

पेट्रोल पंप पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने इसको लेकर कहा कि आए दिन सड़क हादसों में लोगों की मौत हो रही है। ऐसे में जिला प्रशासन ने आम जन के जान माल की रक्षा के लिए ये फैसला लिया है। इसके लिए पेट्रोल पंप डीलरों को अपने पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आदेश दिया है। जिससे कि बिना हेलमेट के आने वालों को कैमरे में कैद किया जा सके।

हेलमेट न पहनने पर पहले से है कानून
बता दें कि वैसे भी मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 129 के तहत दोपहिया चालक व सवारी को हेलमेट पहनना जरूरी है और हेलमेट न पहनना आईपीसी की धारा 188 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। इसके तहत दोषी पाए जाने पर 6 माह की कैद का भी प्रावधान है। हालांकि अभी भी कई जगह पर इसका सही तरीके से पालन नहीं किया जाता।

बिना हेलमेट पहने पुलिस कांस्टेबल को रोका तो पहुंचा जेल
मुंबई में एक पुलिस कांस्टेबल को हेलमेट ना पहनने पर रोककर 'हीरो बनना' शख्स को उस समय भारी पड़ गया जब उसे अपने दो साथियों के साथ जेल जाना पड़ गया। इस शख्स ने कांस्टेबल को हेलमेट ना पहनने पर रोका था और उसकी किसी सफाई को ना मानते हुए उससे बदसलूकी भी की थी। इसकी शिकायत कांस्टेबल ने की जिसके बाद इस शख्स और इसका साथ देने वाले दो दूसरे लोगों को जेल भेजा गया है। वहीं कांस्टेबल पर भी हेलमेट ना पहनने को लेकर 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- जानिए उत्तर प्रदेश की गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट के बारे में विस्तार से












Click it and Unblock the Notifications