LoC के पास जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी कामयाबी, आतंकियों के ठिकाने को किया ध्वस्त
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, जहां पर एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया गया है। साथ ही इस ठिकाने से कई हाईटेक हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस ठिकाने के आसपास आतंकियों की मौजूदगी हो सकती है, ऐसे में पुलिस की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास के गांव वालों से भी पूछताछ की जा रही है। घुसपैठ की आशंका की चलते इन दिनों सुरक्षाबल के जवान अलर्ट मोड पर हैं।

Recommended Video
जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने खुफिया सूचना के आधार पर पुंछ जिले के शीनधारा इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान उन्होंने आतंकियों के एक ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। साथ ही वहां से एक एके-47 राइफल, तीन एके मैगजीन, 45 एके राउंड, एक चाइनीज पिस्टल, एक पिस्टल मैगजीन और एक पाउज बरामद किया। वहीं इस दौरान कोई भी आतंकी पुलिस के हाथ नहीं लगा। आतंकियों की तलाश के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।
घुसपैठ की फिराक में आतंकी
आपको बता दें कि पुंछ जिला एलओसी से सटा हुआ है। नवंबर में बर्फबारी के बाद एलओसी पर घुसपैठ के रास्ते बंद हो जाते हैं। इन दिनों एलओसी के आसपास के इलाकों में बर्फ पिघलनी शुरू हो गई है। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एलओसी के उस पार लॉन्चिंग पैड पर आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं। जिसको लेकर भारतीय सेना अलर्ट मोड पर है। आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तान सेना आए दिन सीजफायर का उल्लंघन करती रहती है।
कश्मीर में चार आतंकी ढेर
वहीं दूसरी ओर कश्मीर घाटी के शोपियां जिले के मेल्होरा इलाके में भारतीय सेना ने चार आतंकियों को मार गिराया। साथ ही उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। इससे पहले संदिग्ध आतंकियों ने मंगलवार शाम को शोपियां के गाम गांव में एक दुकानदार पर हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार की मौत हो गई थी। हमले के बाद आतंकियों ने एक पुलिस अफसर से हथियार छीनने की कोशिश की थी।












Click it and Unblock the Notifications