तंगधार में आर्मी कैंप पर आत्मघाती हमला, एक जेसीओ शहीद
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में दिन पर दिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बुधवार को आतंकियों ने कुपवाड़ा में एलओसी के पास तंगधार में आतंकियों ने सेना की चौकी पर हमला किया है। इस हमले को सुसाइड अटैक बताया जा रहा है।

हालांकि सेना की ओर से अभी इस पर कोई भी बयान नहीं दिया गया है। हमले में एक जेसीओ के शहीद होने की खबरें हैं।
यहां पर पिछले करीब 15 दिनों से राज्य में लश्कर ए तैयबा के आतंकी छिपे हुए हैं। सेना और सिक्योरिटी फोर्सेज का सर्च ऑपरेशन जारी है। खबर यह भी आ रही है कि कैंप के कुछ हिस्सों में आग लग गई है।
बताया जा रहा है कि कैंप के अंदर तेल का एक डिपो भी है। फिलहाल आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है और सेना का ऑपरेशन जारी है। सुबह करीब 7.40 मिनट पर हथियारों से लैस तीन से चार आतंकियों ने सेना की पोस्ट पर हमला किया।
आतंकियों के हमले के बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई की और उस समय कैंप में करीब 80 जवान मौजूद थे। आपको बता दें कि इसी इलाके से करीब 70 किलोमीटर दूर सेना का ऑपरेशन चल रहा है, जिसमें सेना के एक कर्नल शहीद हो गए और एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित छह लोग घायल हुए हैं।
मंगलवार को राज्य के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी नोट समेत हथियारों का जखीरा बरामद किया। आधिकारिक सूत्रों की ओर से दी गई जानकरी के मुताबिकविशेष कार्य बल और राष्ट्रीय रायफल्स की ज्वाइंट टीम ने इंटेलीजेंस के आधार पर चीड गांव के डुंगी जंगल में विशेष अभियान चलाया जिसमें ये हथियार बरामद किये गए।
अभियान में एके-47 की 113 राउंड गोलियां, पिका एम्युनिशन की 41 राउंड गोलियां, दस-दस किलोग्राम के दो आईईडी, डेढ़ किलो का एक आईईडी, 500 ग्राम का एक आईईडी, पांच बैट्री चार्जर, एक पाकिस्तानी सिम कार्ड, दो खराब मोबाइल फोन, पाकिस्तानी मुद्रो के 50 और 10 रुपए के नोट, चीन में बना हुआ एक ग्रेनेड, पठानी सूट, एक टोपी, एक दूरबीन और नक्शा बरामद किया गया।












Click it and Unblock the Notifications