Raja Singh: क्या हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाने वाले को BJP देगी टिकट? पार्टी से निलंबित हैं गोशामहल MLA
तेलंगाना में हैदराबाद की गोशामहल सीट से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह के टिकट को लेकर पार्टी में असमंजस की स्थित बनी हुई। पार्टी ने उन्हें विवादित टिप्पणियों की वजह से भाजपा से निलंबित किया हुआ है।
लेकिन, तेलंगाना चर्चा है कि बीजेपी उनका निलंबन वापस ले सकती है और उन्हें अपने मजबूत गढ़ से ही चुनाव लड़ने लिए कह सकती है। खुद टी राजा सिंह ने कहा है कि उनका नाम भाजपा की पहली लिस्ट में गोशामहल के उम्मीदवार के रूप में शामिल होगा।

राजा सिंह का निलंबन खत्म करेगी बीजेपी?
हालांकि, बीजेपी ने अभी तक राजा सिंह का निलंबन खत्म नहीं किया है। तेलंगाना बीजेपी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा है कि इसको लेकर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक प्रदेश नेतृत्व कोशिश में है कि उनका निलंबन वापस हो जाए। लेकिन, इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों का कहना है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस अनुरोध को मानेगा, इसकी संभावना नहीं लग रही है।
नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल की वजह से फंस सकता है पेच
इसकी वजह ये है कि अगर बीजेपी राजा सिंह का निलंबन वापस लेती है तो पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा और दिल्ली बीजेपी के पूर्व मीडिया हेड नवीन कुमार जिंदल के निलंबन की भी मांग उठ सकती है। इन नेताओं की कथित विवादित टिप्पणियों देश में भारी विरोध हुआ था और सियासी माहौल काफी गर्म हो गया था।
विवादित टिप्पणियों की वजह से पार्टी ने किया था सस्पेंड
टी राजा सिंह खास समुदाय के खिलाफ भड़काऊ बयानों की वजह से काफी विवादों में रहे हैं। एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते बीजेपी ने पिछले साल अगस्त में उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। कहा जाता है कि उनके बयानों से पार्टी की छवि पर भी असर पड़ रहा था।
हजारों की भीड़ को दिलवाई थी अखंड हिंदू राष्ट्र बनाने की शपथ
इस साल रामनवनी के मौके पर भी राजा सिंह तब फिर से सुर्खियों में आ गए थे, जब उन्होंने हैदराबाद में हजारों की भीड़ को भारत को अखंड हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए शपथ तक दिलवा दी थी। उन्होंने रामनवमी पर विशाल जुलूस निकाला और कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद काशी और मथुरा में भी मंदिर बनाए जाएंगे।
"आज ये सौगंध खाता हूं..."
उन्होंने विशाल भीड़ को कुछ इस तरह से अखंड हिंदू राष्ट्र का संकल्प दिलाया था, "मैं.....आज ये सौगंध खाता हूं...भगवान श्रीरामजी को साक्षी मानकर सौगंध खाता हूं....मेरे भारत देश को....अखंड हिंदू राष्ट्र बनाने का....आज मैं ये संकल्प लेता हूं....जब तक मेरा भारत देश....अखंड हिंदू राष्ट्र नहीं बन जाता....मैं चैन से नहीं बैठूंगा......"
2018 में सिर्फ राजा सिंह बीजेपी से जीते थे
तेलंगाना बीजेपी की ओर से उनके निलंबन वापस लेने की कोशिशों की चर्चा यूं ही नहीं हो रही है। हैदराबाद और आसपास के इलाकों में वह दक्षिणपंथी विचारधारा के बहुत ही प्रभावशाली नेता हैं।
टिकट नहीं मिला तो भी दूसरी पार्टी में नहीं जाऊंगा- राजा सिंह
गोरक्षा अभियान से उन्होंने अपनी ऐसी पहचान बनाई है कि 2018 में जब तेलंगाना में टीआरएस की लहर चली थी, तब भी वे राज्य में सिर्फ एक सीट पर भगवा लहराने में सफल हुए थे। जबकि, जी किशन रेड्डी जैसे नेता को उस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। राजा सिंह के अलावा राज्य से भाजपा का कोई नहीं जीता था।
हालांकि, पार्टी में उनकी फिर से वापसी की चर्चाओं के बीच राजा सिंह का कहना है कि अगर उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं भी दिया जाता है तो भी वे किसी दूसरी पार्टी में शामिल नहीं होंगे। वैसे गोशामहल सीट पर उनके अलावा जिस एक और नाम के भाजपा के संभावित प्रत्याशी के तौर पर लिया जा रहा है, वे हैं विक्रम गौड़।












Click it and Unblock the Notifications