Telangana: ट्रैक्टर को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया ट्रक, 5 की मौत, 20 घायल
तेलंगाना में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां सूर्यापेट में ट्रैक्टर और लॉरी में जोरदार टक्कर हुई। इस घटना में 5 लोगों के मौत की खबर है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। तेलंगाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है। ज्यादातर मृतक और घायल रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक मुनागला के बाहरी इलाके में स्थित भगवान अयप्पा के मंदिर में पूजा करके श्रद्धालु लौट रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। इस हादसे में थेनेरू प्रमीला (35), चिंताकायाला प्रमीला (33), उदय लोकेश (8), नारागोनी कोटैया (55) और गुंडू ज्योति (38) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 20 अन्य लोग घायल हुए, जिनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
चश्मदीदों के मुताबिक ट्रैक्टर में 30 लोग सवार थे। वापसी के दौरान वो हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के गलत रास्ते पर चला गया था। जिस पर दूसरी ओर से आ रहे तेज रफ्तर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक ट्रैक्टर को कई मीटर दूर घसीट कर ले गया। जिससे वहां पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में मुनागला सर्कल इंस्पेक्टर अंजनेयुलु ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं कि ये किसकी गलती थी और दुर्घटना कैसे हुई? घायलों के लिए उचित इलाज की व्यवस्था कर दी गई है।
आगरा में 3 युवकों की मौत
वहीं दूसरी ओर यूपी के आगरा में भी शनिवार को एक भीषण हादसा हुआ था, जहां एक कार पेड़ से जाकर टकरा गई। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के मुताबिक फिरोजाबाद के रहने वाले 5 युवक कार में बैठकर कहीं जा रहे थे, जब वो फतेहाबाद पहुंचे तो कार बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications