तेलंगाना कांग्रेस ने पास किया प्रस्ताव, असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को तुरंत बर्खास्त करने की मांग
हैदराबाद, 13 फरवरी: तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को बर्खास्त करने की मांग करने वाले प्रस्ताव को मंजूरी दी है। तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख रेवंत रेड्डी ने रविवार को इसकी जानकारी दी है। रेड्डी ने कहा है कि आज हमने एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को राहुल गांधी के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए तत्काल बर्खास्त करने और उन पर खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किए जाने की मांग की गई है।

तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी का कहना है कि हिमंत बिस्वा सरमा की टिप्पणी सिर्फ राहुल गांधी, उनके परिवार या कांग्रेस के खिलाफ नहीं है। बल्कि ये मातृत्व का अपमान है, उन्होंने हर एक मां का अपमान किया है। हिमंत बिस्वा के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को तेलंगाना के सभी 709 पुलिस थानों में शिकायत भी दर्ज कराएंगे।
तेलंगामा सीएम भी कर चुके सरमा को हटाने की मांग
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने भी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के राहुल गांधी पर दिए बयान को बेहद शर्मनाक कहा है। टीआरएस अध्यक्ष केसीआर ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मांग की है कि सरमा को बर्खास्त किया जाए। केसीआर ने कहा कि एक सीएम एक सांसद से उसके पिता की पहचान के बारे में सवाल करता है। क्या यही बीजेपी के संस्कार हैं। अगर नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा ईमानदार हैं और हिन्दू धर्म के संस्कारों को मानते हैं तो इस सीएम को बर्खास्त करना चाहिए। केसीआर ने कहा कि इस बयान से एक भारतीय और एक हिन्दू होने के नाते मेरा सिर भी शर्म से झुक गया है कि ये क्या कहा जा रहा है।
क्या कहा है असम सीएम ने
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शुक्रवार को उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। यहां एक सभा में सरमा ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की तो राहुल गांधी ने इसके सबूत मांग रहे थे। क्या हमने कभी उनसे सबूत मांगा कि आप राजीव गांधी के बेटे हैं या नहीं? अगर सेना ने कहा है कि उन्होंने स्ट्राइक की है तो की है। इस पर राहुल गांधी को सबूत मांगने का अधिकार किसने दिया। हिमंत बिस्बा सरमा के इस बयान की कई नेताओं और संगठनों ने काफी कड़ी आलोचना की है। सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने सरमा के इस बयान को बेहद ओछा कहा है।












Click it and Unblock the Notifications