तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के नेता ने पीएम मोदी, अमित शाह और केसीआर के बारे में किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के खिलाफ तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जनरल सेक्रेटरी श्रवण दसोजू ने तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं को पत्र लिखकर सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि केसीआर जिस फेडरल फ्रंट के गठन की बात कर रहे हैं वह फर्जी है और पूरी एक गंभीर राजनीतिक साजिश हैं। दसोजू ने यह पत्र टीएमसी मुखिया और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक समेत कई नेताओं को लिखा है।

पीएम और शाह के इशारे पर षड़यंत्र
दसोजू ने आरोप लगाया है कि केसीआर यह राजनीतिक फ्रंट राजनीतिक साजिश के तहत बना रहे हैं। उन्होंने यह पूरी साजिश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के इशारे में रची है, लिहाजा इस साजिश के पर्दाफाश की जरूरत है और इस फ्रंट से हर राजनीतिक दल को दूर रहना चाहिए।
फेडरल फ्रंट की कोशिश
दरअसल 10 मई को हैदराबाद में कई क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों को केसीआआर ने निमंत्रण भेजा था, जिसमे ममता बनर्जी, डीएमके लीडर के स्टालिन, बीजेडी नेता नवीन पटनायक और एसपी मुखिया अखिलेश यादव व जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन भी शामिल हैं। केसीआआर लगातार फेडरल फ्रंट बनाने की कोशिश में जुटे हैं। इस कोशिश पर हमला बोलते हुए तेलंगाना कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा है कि केसीआर का यह फेडरल फ्रंट ढोंग है और यह सबकुछ पीएम मोदी और अमित शाह के इशारे पर राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने की थी मुलाकात
आपको बता दें कि केसीआर के न्योते पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी हैदराबाद पहुंचे थे और उन्होंने केसीआर से मुलाकात की थी, इस मुलाकात की तस्वीरें अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर भी साझा की थी। इससे पहले केसीआर ने अपनी पार्टी के 17वें स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस और भाजपा को आगाह करते हुए कहा था कि देश आने वाले महीनों में नया शासन देखेगा क्योंकि इसके लिए तमाम क्षेत्रीय दल एकजुट हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी पर राहुल का बड़ा हमला बोले, आप बोलते बहुत हैं, लेकिन कथनी और करनी में फर्क है












Click it and Unblock the Notifications