कर्नाटक में बरामद कैश का क्या कांग्रेस कनेक्शन है? तेलंगाना चुनाव में करोड़ों रुपए भेजने के लग रहे हैं आरोप
भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कांग्रेस पर तेलंगाना विधानसभा चुनावों में वोट खरीदने के लिए करोड़ों रुपए खर्च करने के आरोप लगाए हैं। दरअसल, शुक्रवार को ही कर्नाटक में एक आईटी रेड में करीब 42 करोड़ रुपए बरामद होने की घटना सामने आई है। उसी के बाद केटीआर ने यह आरोप लगा दिया है।
केटीआर ने एक्स (पहले ट्विटर) पर अपने एक पोस्ट में कर्नाटक में आयकर विभाग की कार्रवाई वाली एक न्यूज रिपोर्ट को टैग करते हुए लिखा है, 'बौद्धिक रूप से दिवालिया हो चुकी कांग्रेस और उसका नेतृत्व वोट खरीदने के लिए तेलंगाना में कर्नाटक से सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।'

तेलंगाना में घोटालेबाजों को ना कहें-केटीआर
उन्होंने कांग्रेस नेता पर कैमरे पर नोट के लिए वोट लेते पकड़े जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब वह अपराधी ठगों का सरदार बना हुआ है। उन्होंने कहा है कि इसकी पहले से संभावनी थी, इसलिए तेलंगाना में 'घोटालेबाजों' को ना कहें।
कांग्रेस पर कर्नाटक से तेलंगाना पैसे लाने का लगा रहे हैं आरोप
वहीं तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने भी कहा है कि पहले कर्नाटक में '40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार थी' और अब वह '50 प्रतिशत' वाली हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कर्नाटक सरकार भ्रष्ट हो चुकी है और कांग्रेस उस पैसे को तेलंगाना लाना चाहती है और चुनावों के दौरान खर्च करना चाहती है।
कांग्रेस पर तेलंगाना के लिए कर्नाटक में 1,500 करोड़ रुपए जुटाने के लगाए आरोप
उन्होंने यहां तक आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में बिल्डरों, सोने के कारोबारियों और ठेकेदारों से 1,500 करोड़ रुपए जुटाए हैं, जिसे वह तेलंगाना में चुनाव जीतने के लिए खर्च करेगी। उन्होंने दावा किया, 'वे (कांग्रेस के नेता) बैंगलोर से चेन्नई के रास्ते हैदराबाद पैसे लाने लाने की योजना बना रहे हैं। यह जानकारी मिली है कि कुछ पैसा पहले ही चेन्नई और हैदराबाद तक पहुंच चुका है।'
40% कमीशन का आरोप लगाने वाले के घर से मिला 42 करोड़ कैश
उन्होंने इस तरह के कथित फंड जुटाने की मुहिम में जुटे ठेकेदारों या कारोबारियों को चेतावनी दी है कि उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। दरअसल, शुक्रवार को ही कर्नाटक में आयकर की एक छापेमारी में 42 करोड़ रुपए कैश बरामद की गई है। यह छापेमारी उस कॉन्ट्रैक्टर अंबिकापति के यहां हुई है, जिसने कर्नाटक की पूर्ववर्ती बीजेपी की सरकार पर 40% कमीशन लेने के आरोप लगाए थे।

अंबिकापति की पत्नी अश्वथम्मा पूर्व कॉर्पोरेटर हैं और कांग्रेस की एक एमएलए की करीबी बताई जाती हैं। केटीआर ने जिस एक्स हैंडल की खबर को टैग किया है, उसके मुताबिक बरामद पैसे तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए हैदराबाद जाने वाले थे।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस पार्टी ने अपनी पूरी जोर लगाई हुई है। जबकि सत्ताधारी बीआरएस लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर आना चाहती है। ऐसे में चुनाव आयोग के तमाम दावों के बाद अगर इस तरह के आरोप लग रहे हैं, तो निष्पक्ष चुनाव को लेकर संदेह पैदा होता है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications