वायनाड लैंडस्लाइड पर तेजस्वी सूर्या ने राहुल गांधी को घेरा, अब कांग्रेस ने कुछ यूं दी प्रतिक्रिया
Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड से जान गवाने वालों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है। वहीं, 191 लोग अभी भी लापता है, जिनकी तलाश और बचाव अभियान अभी जारी है। इस बीच वायनाड की इस विनाशकारी घटना पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल शुरू हो गया है। बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने संसद में वायनाड का मुद्दा उठाया और कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया।
राहुल गांधी का नाम लिए जाने पर लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया। तो वहीं, हंगामें की वजह से सदन की कार्यवाही को भी कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ा। दरअसल, बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, 'राहुल गांधी पिछले 1800 दिनों तक वायनाड से लोकसभा सांसद रहे, लेकिन इस दौरान उन्होंने विधानसभा और संसद में एक बार भी भूस्खलन और बाढ़ का मुद्दा नहीं उठाया।'

इतना ही नहीं, उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'पिछले 5 सालों में देश में जितने भी भूस्खलन हुए हैं उसमें 60% से भी अधिक केवल केरल में हुए हैं। आज सदन में इस विषय को हमने उठाया और पूछा कि वहां कि सरकार बार-बार अलग-अलग एजेंसियों द्वारा चेतावनी दिए जाने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं करती है?'
इसी साल IIT दिल्ली ने केरल सरकार को बताया था कि वायनाड और उसके आस-पास का इलाका उच्च जोखिम और बहुत उच्च जोखिम क्षेत्र है, वहां से आप 4000 परिवारों को स्थानांतरित कर दीजिए, लेकिन वो भी नहीं हुआ। सूर्या के इस बयान के बाद सदन में काफी हंगामा शुरू हो गया। हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही भी कुछ देरे के लिए स्थगित करनी पड़ी।
वहीं, तेजस्वी सूर्या के इस बयान कांग्रेस सांसद शशि थरुर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि संसद में बोलने वाला कोई व्यक्ति संकट के समय मानवता का अनावश्यक रूप से राजनीतिकरण करता है। आशंका है कि बचाव प्रक्रिया समाप्त होने तक हम 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी होगी..हमारे देश में हर चीज राजनीति नहीं है।"
कांग्रेस सांसद केसी.वेणुगोपाल ने कहा,'यह पूरे देश के लिए सबसे दुखद क्षण है, खासकर केरल के लिए..हम त्रासदी पर चर्चा कर रहे हैं। इस दौरान राजनीति करना लोगों को बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। हम लोगों की जान तो वापस नहीं ला सकते, लेकिन कम से कम हमें देश को यह दिखाने की जरूरत है कि हम इस देश के लोगों को बचाने के लिए एक साथ हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमें बहुत सी बातें कहनी हैं, लेकिन हम राजनीति नहीं करना चाहते... अगर वे(भाजपा) ऐसा करना चाहते हैं, तो हमारे पास उनके लिए अपने सवाल हैं।"












Click it and Unblock the Notifications