तेजस्वी का ट्वीट, 'मेरे चाचा अब भागवत, मोदी और शाह के चेले बन गए हैं'
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है।
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, देश का सियासी पारा भी लगातार चढ़ता हुआ नजर आ रहा है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ जहां विपक्ष एकजुट होकर मुकाबले की तैयारी में जुटा है तो वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी एनडीए को मजबूत कर फिर से कमल खिलाने की कोशिश में हैं। इस बीच बिहार में भी राजनीतिक हलचल तेज होने लगी हैं। बिहार के पूर्व मंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है।

तेजस्वी ने ट्वीट में क्या लिखा?
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है, 'मेरे चाचा नीतीश कुमार जी गांधी, लोहिया और जेपी को छोड़ अब मोहन भागवत, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के चेले बन गए हैं। कुर्सी के लालच में संविधान और समाजवाद को भूल फासीवाद और संप्रदायवाद को अपना लिया है। संवैधानिक संस्थाओं को ख़त्म करने में वो निरंतर BJP का सहयोग कर रहे है।' आपको बता दें कि इससे पहले भी तेजस्वी कई बार ट्विटर के जरिए सीएम नीतीश कुमार को घेर चुके हैं। मंगलवार को उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था, 'संघीय ढ़ांचे पर करारा प्रहार हो रहा है। जेपी और लोहिया की बात करने वाले नीतीश कुमार जैसे स्वार्थी कुर्सीवादी लोग चुप्पी साधे हैं। मोदी जी हमेशा पीएम नहीं रहेंगे, लेकिन संवैधानिक संस्थाएं परमानेंट हैं; इन्हें बर्बाद न करें।'

भाजपा पर भी बोला हमला
लोकसभा चुनाव को लेकर देश में सियासी बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। इससे पहले शनिवार को हरियाणा के गुरुग्राम में एक रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा था। तेजस्वी ने कहा कि जो लोग सच बोलते हैं, उन्हें सजा दी जाती है। जब आप सवाल पूछते हैं तो सत्ता के लोग आपके सवाल का जवाब देने की बजाए समाज में जहर फैलाते हैं। राम मंदिर मुद्दे पर तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि रामजी कहते हैं कि चुनाव सामने आ गया है, BJP याद कर रही है।

'वे चौकीदार है तो देश की जनता थानेदार है'
दरअसल, तेजस्वी ने रैली में राम मंदिर मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि आजकल बिहार में एक चुटकुला जोर-शोर से चल रहा है। चुटकुला यह है कि भगवान राम और सीता मईया स्वर्ग में हैं। भगवान राम को हिचकी आती है। सीता मईया पूछती हैं कि आपको हिचकी क्यों आ रही है? रामजी कहते हैं कि चुनाव सामने आ गया है, बीजेपी याद कर रही है। उन्होंन कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूल गए हैं कि वे अगर 'चौकीदार' है तो देश की जनता थानेदार है।












Click it and Unblock the Notifications