कोरोना की तैयारियों पर जिला जज ने उठाए सवाल, तेजस्वी बोले- भगवान भरोसे है बिहार
पटना: बिहार में भी कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है, जहां अब तक 250 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं अब कोरोना संबंधित तैयारियों को लेकर बिहार के विपक्षी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने उस पत्र की कॉपी को ट्विटर पर पोस्ट किया है जो शिवहर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने गृह विभाग को लिखा है। इस पत्र में बिहार में कोरोना संबंधित तैयारियों, बचाव आदि में बरती जा रही लापरवाही के बारे में विस्तार से लिखा है।
Recommended Video

अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश, शिवहर के इस पत्र को पढ़कर आप बिहार सरकार की कोरोना संबंधित तैयारियों, बचाव और उपचार का अंदाजा लगाकर सदमे में जा सकते है। मैं पहले दिन से कह रहा हूं कि बिहार भगवान भरोसे चल रहा है। सरकार बस खानापूर्ति कर रही है। ना कोई Proactive Approach और ना ही Reactive। दूसरे ट्वीट में उन्होंने कोरोना जांच को लेकर नीतीश सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार में हालात बदतर हैं। आवश्यक संख्या में जांच नहीं हो रही है। राज्य में टेस्टिंग किट्स और वेंटिलेटर्स तक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। इसके साथ ही दूसरे राज्यों में फंसे 17 लाख बिहारियों को निकालने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, ना ही अप्रवासी कामगारों और छात्रों को वापस लाने की सरकार की कोई मंशा है। सरकार पूरी तरह से असहाय, असमर्थ और थकी हुई है। ये सब CM की विफलताएं हैं।
राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि चारों ओर राशन वितरण में गड़बड़ी हो रही है। लाभार्थियों को सड़ा हुआ अनाज बांटा जा रहा है। वहीं जो वास्तविक रूप से जरूरतमंद हैं, सरकार उन तक मदद भी नहीं पहुंचा पा रही है। वहीं जो क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं, वहां पर कोई सुविधा है ही नहीं। साथ ही कई इलाकों में लॉकडाउन का भी पालन नहीं हो रहा है। ऐसे हालात में नीतीश सरकार का प्रदर्शन काफी बुरा है।












Click it and Unblock the Notifications