तेज प्रताप अपनी शादी में इन दो लोगों को भेजेंगे विशेष निमंत्रण
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव की शादी फिक्स हो गई है। राज्य के ही पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय तेज प्रताप की दुल्हन बनेंगी। शुक्रवार को तेज प्रताप अपने पिता से आशीर्वाद लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए। रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर तेज प्रताप ने कहा "मैं दिल्ली अपने पिता से आशीर्वाद लेने के लिए जा रहा हूं।" शादी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बुलाया जाएगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा, "शादी-विवाह में राजनीति नहीं होती है। नीतीश चाचा और मोदी अंकल (सुशील मोदी), सभी को बुलाएंगे।" गौरतलब है कुछ महीने पहले ही डिप्टी सीएम सुशील मोदी के बेटे की शादी हुई है जिसमें राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव ने शिरकत की थी जहाँ देश के तमाम बड़े नेता शामिल हुए थे।

माता-पिता की पसंद हमारी पसंद
एयरपोर्ट पर पत्रकारों की ओर इशारा करते हुए तेज प्रताप ने कहा, "सबको मेरी शादी की जल्दबाजी थी, अब शादी तो तय हो गई। शादी किस्मत की बात होती है, किसकी शादी कहां और किससे होगी, पहले से कोई नहीं जानता।" उन्होंने कहा, "हमारे परिवार की परंपरा रही है कि माता-पिता ही शादी तय करते हैं। उनकी पसंद ही हमारी पसंद है।"

रांची जेल में तबीयत खराब होने के बाद एम्स में हैं लालू
लालू इन दिनों चर्चित चारा घोटाले के मामले में सजा काट रहे हैं। रांची की एक जेल में सजा काट रहे लालू की तबीयत बिगड़ जाने के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। तेज प्रताप की दुल्हन बनने जा रहीं ऐश्वर्या राय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पौत्री है।

18 अप्रैल को सगाई, 12 मई को शादी
तेजप्रताप यादव की इसी महीने 18 अप्रैल को सगाई होगी और शादी मई में होगी। शादी के लिए 12 मई का डेट तय किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार पटना के होटल मौर्या में रिंग सेरेमनी होगी। शादी की तैयारियां चल रहीं हैं।

ऐश्वर्या राय ने दिल्ली से किया है MBA
चंद्रिका राय की तीन संतानों में सबसे बड़ी हैं। उन्होंने पटना के नॉट्रेडम स्कूल से पढ़ाई की है और उसके बाद उन्होंने दिल्ली से एमबीए किया है। उनकी छोटी बहन का नाम आयुषी राय हैं,जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद नौकरी कर रही हैं, जबकि छोटा भाई अपूर्व राय लॉ की पढ़ाई कर रहा है।

तेज प्रताप हैं 12वीं पास
तेज प्रताप 12वीं पास तो वहीं तेज प्रताप यादव संगीत और रोमांच प्रेमी हैं, वो अक्सर जटिल मुद्दों पर बयान देते रहते हैं, उनकी उम्र 30 साल है और वो 12वीं पास हैं, फिलहाल तो वो राजद विधायक हैं और पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications